उज्जैन बना देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर, 3000 सफाई मित्रों को मिलेंगे ₹5-5 हजार
उज्जैन स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश का नंबर-1 शहर बना। CM मोहन यादव ने 3000 सफाई मित्रों को ₹5-5 हजार देने की घोषणा की।

मध्यप्रदेश के उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन देशभर में पहले स्थान पर रहा। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के करीब 3 हजार स्वच्छता मित्रों को ₹5-5 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत से ही शहर साफ-सुथरा और सुंदर बनता है।
सफाई मित्रों को मिलेगा ₹1.5 करोड़ का इनाम
मुख्यमंत्री मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उज्जैन नगर निगम के सभी 54 वार्डों में काम करने वाले करीब 3 हजार स्वच्छता मित्रों को पांच-पांच हजार रुपये देने का ऐलान किया। इस तरह कुल ₹1.5 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय सफाई मित्रों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की टीम को दिया।
MP के 9 शहरों ने हासिल किए स्वच्छता पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए हैं। इंदौर अपनी श्रेणी में लगातार दूसरी बार दूसरे स्थान पर रहा, जबकि देपालपुर ने भी उल्लेखनीय सुधार करते हुए अपनी श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया। उज्जैन और देवास के अलावा ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी ने भी सर्वेक्षण में उपलब्धियां हासिल कीं।
सफाई कर्मचारियों को बताया स्वच्छता का असली प्रहरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्र केवल कचरा उठाने का काम नहीं करते, बल्कि शहर की सेहत, सुंदरता और प्रतिष्ठा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है। यह केवल किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
कचरे से बिजली और फूलों से बन रहे उपयोगी उत्पाद
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कचरा प्रबंधन के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गीले कचरे से बिजली बनाई जा रही है और मंदिरों से निकलने वाले फूलों व पूजन सामग्री से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल तैयार कर रही हैं। सूखे कचरे को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। निर्माण मलबे के निपटारे के लिए प्रतिदिन 75 टन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट तैयार किया जा रहा है।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और शहर के विकास पर जोर
शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं और 40 अन्य वाहन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की बात कही। उन्होंने इंदौर-उज्जैन सड़क और बदनावर-उज्जैन-बड़नगर मार्ग सहित शहर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।





