भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026 का आयोजन; CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, कहा- यह कार्यक्रम नहीं, संगीत के साधकों का कुंभ है
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026 के 13वें संस्करण का आयोजन हुआ। CM डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया, सिद्धि सोनी समेत कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी।

Indian Harmonica Festival 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 2 अक्टूबर को संगीत का अनोखा रंग देखने को मिला। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार माउथ ऑर्गन की मधुर धुनों से गूंज उठा। मौका था भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026 के 13वें संस्करण का, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से आए हार्मोनिका कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने हिस्सा लिया।
अनुपम पॉल और सिद्धि सोनी की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में कलाकार अनुपम पॉल और देश की सुप्रसिध्द 17 वर्षीय हार्मोनिका वादिका सिद्धि सोनी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। माउथ ऑर्गन पर ‘वैष्णव जन तो...’, ‘कहता है दिल...’ और ‘बार-बार देखो’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनें सुनाई दीं। सभागार में मौजूद श्रोता देर तक इन मधुर स्वर लहरियों का आनंद लेते रहे।
मुख्यमंत्री ने कलाकारों का किया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देशभर से आए कलाकारों का मध्य प्रदेश की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने संगीत साधकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि संगीत भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और संगीत के क्षेत्र में साधना करने वाले कलाकार भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने में योगदान देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि कला जगत देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
‘संगीत की विधा को ऊंचाइयों तक ले जाएगा ये कार्यक्रम’
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि हारमोनिका एसोसिएशन द्वारा भोपाल में आयोजित देश के 13वें सम्मेलन में सहभागी देशभर से पधारे माउथ ऑर्गन कलाकारों का मध्यप्रदेश की पावन धरा पर हार्दिक स्वागत है। संगीत और कला भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत के अभिन्न अंग हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कला, संगीत एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा कलाकारों को सम्मान और उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि यह सम्मेलन देशभर के कलाकारों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ संगीत की इस मधुर विधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

.jpg&w=3840&q=75)
