युवती की स्कूटी के सामने कार लगाकर महिला ने रोका, उतरते ही बरसाए थप्पड़; युवक ने किसी तरह बचाया
वीडियो में महिला कुछ ही सेकंड के सेकेंड छात्रा को कई थप्पड़ और मुक्के मारती दिखाई दे रही है। इस दौरान छात्रा अपनी स्कूटी पर बैठी रही और खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आई।
MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन में सड़क पर एक महिला की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां मध्य प्रदेश शासन लिखी लाल कार से उतरी एक महिला ने स्कूटी सवार छात्रा के साथ मारपीट कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में महिला कुछ ही सेकंड के सेकेंड छात्रा को कई थप्पड़ और मुक्के मारती दिखाई दे रही है। इस दौरान छात्रा अपनी स्कूटी पर बैठी रही और खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आई।
युवक ने किसी तरह युवती को बचाया
घटना रायसेन शहर के मुखर्जी नगर गेट के पास बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपनी स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान एक लाल रंग की कार उसके पास आकर रुकी। कार से एक महिला नीचे उतरी और छात्रा से बहस करने लगी। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में महिला करीब पांच सेकंड के भीतर छात्रा को पांच बार थप्पड़ और मुक्के मारती दिखाई दे रही है। आसपास मौजूद लोग घटना देखते रहे। कुछ देर बाद एक युवक ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद महिला कार में बैठकर वहां से चली गई।
'स्कूटी कार से टच भी नहीं हुई, फिर भी मारपीट की'
पीड़ित छात्रा के मुताबिक उसकी स्कूटी कार से टकराई तक नहीं थी। इसके बावजूद महिला ने अचानक अपनी कार आगे लगाई और गाली-गलौज शुरू कर दी। छात्रा का आरोप है कि महिला ने बिना किसी उचित वजह के उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान छात्रा काफी घबराई हुई थी और रोने लगी थी।
मारपीट की जानकारी मिलने पर छात्रा की बड़ी बहन भी मौके पर पहुंची। इसके बाद वह छात्रा को लेकर रायसेन कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया।
कार पर लिखा था 'मध्य प्रदेश शासन'
इस घटना में सबसे ज्यादा चर्चा उस लाल कार की हो रही है, जिस पर 'मध्य प्रदेश शासन' लिखा हुआ था। इसी वजह से मामले ने एक और सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इस कार का इस्तेमाल कौन कर रहा था।
पुलिस अब कार और महिला की पहचान करने में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला किसी सरकारी अधिकारी के परिवार से जुड़ी है या सरकारी पहचान लिखी कार का किसी अन्य तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
रायसेन कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि छात्रा शिकायत लेकर थाने आई थी। उसके आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सरकारी पहचान लिखी गाड़ियों के इस्तेमाल और सड़क पर होने वाले विवादों में कानून हाथ में लेने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने और महिला की पहचान सामने आने का इंतजार है।
.jpg&w=3840&q=75)