Asian Games Cricket : श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से होगा महामुकाबला
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 124 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त देकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

Asian Games Cricket 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मुकाबले के लिए तैयार हो जाइए। एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में जहां भारत ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है, वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में एंट्री की है। अब भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए मैच खेला जाएगा। जो टीम जीतेगी, उसे सोना मिलेगा और हारने वाली टीम को चांदी से ही संतोष करना पड़ेगा।
45 रन पर ऑलआउट हुआ श्रीलंका
भारत ने जापान के निशिन में खेले गए सेमीफाइनल में पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के 6 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट झटके। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। भारत ने 124 रन से मैच अपने नाम कर धमाकेदार अंदाज में फाइनल में एंट्री मारी है।
ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी
इससे पहले ईशान किशन ने 46 गेंदों में 80 रन और वैभव सूर्यवंशी के 21 गेंदों में 38 रनों ने तूफानी पारी खेलकर भारत के स्कोर को 20 ओवर में 7 विकेट 169 रनों तक पहुंचाया. किशन ने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. जबकि वैभव ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर 13 रन बना सके।
बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान
1 अक्टूबर को खेले गए पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए थे। जवाब में साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम ने नौ गेंद पहले ही चार विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया था।
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला
अब पूरे देश की नजरें 3 अक्टूबर को होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें स्वर्ण पदक के लिए आमने-सामने होंगी।



