बुकिंग खुलते ही 2 घंटे में बिक गए सारे टिकट, इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज मैच में सीट दिलाने के नाम पर हो रही ठगी
MPCA की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक सामान्य टिकटों की कीमत 1,000 रुपये से लेकर 12,500 रुपये तक रखी गई थी।
India-West indies Indore T20: इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच के टिकटों की जबरदस्त मांग अब क्रिकेट फैंस के लिए साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ा रही है। 25 सितंबर को ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के करीब 2 घंटे में सामान्य टिकटों का कोटा खत्म हो गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ अकाउंट और पेज सक्रिय हो गए हैं, जो दावा कर रहे हैं कि उनके पास अलग-अलग गैलरी और पवेलियन के टिकट अभी भी उपलब्ध हैं। अगर आप भी मैच देखन के लिए टिकट खरीदने के लिए सोच रहे हैं तो सावधान हो जाइए।
एक व्यक्ति अधिकतम 4 टिकट खरीद सकता है
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने मैच के टिकटों की बिक्री के लिए District by Zomato को अधिकृत किया था। शुरुआत से ही टिकट बिक्री ऑनलाइन रखी गई थी और एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट खरीदने की सीमा तय की गई थी। MPCA की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक सामान्य टिकटों की कीमत 1,000 रुपये से लेकर 12,500 रुपये तक रखी गई थी।
सोशल मीडिया पर सीट की गारंटी का दावा
टिकटों की कमी के बीच सोशल मीडिया पर कई ऐसे पेज और संपर्क सामने आ रहे हैं, जहां मनचाही गैलरी में सीट उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। कुछ मामलों में लोगों को यह भरोसा दिलाया जा रहा है कि उनके पास बल्क में टिकट हैं और चार टिकट की सीमा उन पर लागू नहीं होती।
उपलब्ध कराए गए ग्राउंड इनपुट के मुताबिक, ऐसे ही एक संपर्क पर टिकटों के बारे में पूछने पर ईस्ट गैलरी से लेकर साउथ पवेलियन तक टिकट उपलब्ध होने का दावा किया गया। कथित विक्रेता ने यह भी कहा कि उन्होंने अधिकृत चैनल पार्टनर से बल्क में टिकट होल्ड किए हैं। हालांकि MPCA ने इस दावे को खारिज किया है। MPCA सचिव सुधीर असनानी के मुताबिक, मैच के टिकट ऑनलाइन बेचे गए हैं और किसी व्यक्ति या चैनल पार्टनर को बल्क में टिकट नहीं दिए गए। उन्होंने फैंस से सोशल मीडिया पर टिकट दिलाने के दावे के आधार पर किसी को भुगतान नहीं करने की अपील की है।
10 फीसदी एडवांस लेकर टिकट भेजना का दावा
पड़ताल के दौरान सामने आए तरीके में कथित टिकट विक्रेता पहले कुल कीमत का 10 प्रतिशत एडवांस मांगते हैं। इसके बाद ईमेल पर बुकिंग आईडी, सीट नंबर और एम-टिकट भेजने का दावा किया जाता है। बाकी राशि जमा करने के बाद टिकट का अंतिम लॉगिन एक्सेस देने की बात कही जाती है।
भरोसा बढ़ाने के लिए कुछ मामलों में दूसरे लोगों के भुगतान के स्क्रीनशॉट भी व्हाट्सएप पर भेजे जाने की बात सामने आई है। ऐसे स्क्रीनशॉट वास्तविक हैं या फर्जी, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए केवल पेमेंट स्क्रीनशॉट देखकर किसी विक्रेता पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है।
पहले से मिल रही थी फर्जी टिकटों की चेतावनी
दरअसल, टिकट बिक्री शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर फर्जी बुकिंग के दावे सामने आने लगे थे। सितंबर की शुरुआत में MPCA और इंदौर क्राइम ब्रांच की ओर से लोगों को अनधिकृत लिंक और सोशल मीडिया पर किए जा रहे टिकट संबंधी दावों से सावधान रहने को कहा गया था।
अब टिकटों का आधिकारिक कोटा खत्म होने के बाद ठगों के लिए लोगों को यह कहकर फंसाना आसान हो गया है कि उनके पास सीमित टिकट बचे हैं। हाल की स्थानीय रिपोर्टों में भी मैच के नाम पर फर्जी वेबसाइट, लिंक और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ठगी की कोशिशों को लेकर चेतावनी सामने आई है।
टिकट बुकिंग के समय इन बातों का रखें ध्यान
MPCA के मुताबिक अब आधिकारिक टिकट बिक्री पूरी हो चुकी है। इसलिए सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या किसी निजी मोबाइल नंबर से टिकट उपलब्ध कराने के दावे पर पैसे भेजने से बचना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने या यूपीआई के जरिए एडवांस देने से भी बचें। टिकट से जुड़ी जानकारी के लिए MPCA की आधिकारिक घोषणाओं और अधिकृत टिकटिंग प्लेटफॉर्म की ही जानकारी पर भरोसा करना चाहिए। 11 अक्टूबर का यह मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मैच है।


