सावरकर परिवार ने सोनिया गांधी को भेजा कानूनी नोटिस, 15 दिन रखी माफी की मांग; जानिए क्या है मामला?
सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में वीर सावरकर को लेकर लिखी गई टिप्पणियों पर उनके परिवार ने आपत्ति जताई है। सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर 15 दिनों में बिना शर्त माफी और तथ्यों में सुधार की मांग की है।

Sonia Gandhi Legal Notice: वीर सावरकर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जारी राजनीतिक बहस अब कानूनी मोड़ लेती दिखाई दे रही है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को उनकी किताब Belonging: A Journey of Love में विनायक दामोदर सावरकर के बारे में लिखी गई टिप्पणियों को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस सावरकर के परिवार की ओर से उनके पैतृक प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने भेजा है। इसमें किताब में दर्ज दो टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए 15 दिनों के भीतर बिना शर्त माफी मांगने और कथित गलत तथ्यों को सुधारने की मांग की गई है।
किताब की दो टिप्पणियों पर सावरकर परिवार को आपत्ति
सत्यकी सावरकर ने आरोप लगाते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में वीर सावरकर की भूमिका और विचारधारा को गलत तरीके से प्रस्तुत किया है। परिवार ने इन टिप्पणियों को आपत्तिजनक बताते हुए कानूनी नोटिस के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया है। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय में माफी नहीं मांगी गई और संबंधित सामग्री में सुधार नहीं किया गया, तो सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
15 दिन का दिया गया समय
बता दें, सावरकर परिवार की ओर से भेजे गए नोटिस में सोनिया गांधी से 15 दिनों के भीतर जवाब देने की मांग की गई है। साथ ही किताब में सावरकर को लेकर लिखी गई बातों पर स्पष्टीकरण और सुधार की अपेक्षा जताई गई है। फिलहाल इस मामले में सोनिया गांधी की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उदित राज ने सावरकर को लेकर दिया बयान
वहीं, इस विवाद पर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया देते हुए सावरकर के इतिहास और उनकी भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सावरकर का कोई वास्तविक इतिहास नहीं है। उदित राज ने अपने बयान में देश के विभाजन, नफरत, दया याचिकाओं और अंग्रेजों के साथ सहयोग जैसे मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस भेजने वालों को ऐसा करने दीजिए, कांग्रेस उनकी चुनौती स्वीकार करेगी।





.jpg&w=3840&q=75)