MP में सरकार के फैसलों पर नजर रखेगा BJP संगठन, योजनाओं की समीक्षा के लिए बनेंगी ‘चिंतन टोलियां’
MP में BJP अब सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए चिंतन टोलियां बनाएगी। इनमें मंत्री से लेकर पार्टी पदाधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
मध्य प्रदेश में अब बीजेपी संगठन की भूमिका सिर्फ पार्टी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहने वाली है। पार्टी सरकारी योजनाओं और नीतियों की जमीनी स्थिति जानने के लिए नई व्यवस्था बनाने जा रही है। इसके तहत अलग-अलग विभागों और सामाजिक वर्गों के लिए ‘चिंतन टोलियां’ गठित की जाएंगी। ये टोलियां जनता के बीच जाकर योजनाओं का फीडबैक लेंगी और जरूरत के मुताबिक सरकार को बदलाव के सुझाव देंगी।
मंत्री, विधायक और विशेषज्ञ होंगे टोली का हिस्सा
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कम से कम छह सदस्यों वाली चिंतन टोलियां बनाई जाएंगी। इनमें संबंधित विभाग के मंत्री, बीजेपी के मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, विधायक और विषय विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं। इनका काम सरकारी योजनाओं की समीक्षा करना, उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को समझना और सुधार के सुझाव सरकार तक पहुंचाना होगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल केंद्रीय नेतृत्व की सलाह पर इन टोलियों का गठन करेंगे।
SC-ST, OBC से लेकर युवा और किसानों पर रहेगा फोकस
बीजेपी अलग-अलग सामाजिक और व्यावसायिक वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भी टोलियां बनाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग-अलग समूह होंगे। इसके अलावा युवा, महिला और किसान वर्ग से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान दिया जाएगा। ये टोलियां संबंधित वर्गों के बीच जाकर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं समझेंगी। बीजेपी प्रवक्ता धैर्यवर्धन मिश्रा के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य नीतियों को बेहतर बनाना और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
सुझाव संगठन देगा, अमल करेंगे सरकारी अधिकारी
चिंतन टोलियों की भूमिका योजनाओं की समीक्षा और फीडबैक देने तक रहेगी। उनके सुझावों पर अमल कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों के अधिकारियों की होगी। यानी प्रशासनिक व्यवस्था पहले की तरह काम करेगी, लेकिन सरकार के फैसलों और योजनाओं में संगठन से मिलने वाले फीडबैक को भी महत्व दिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के नेटवर्क के जरिए गांवों और शहरों से जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस ने बताया कार्यकर्ताओं को लॉलीपॉप
बीजेपी की इस पहल पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सरकार और बीजेपी संगठन मिलकर RSS के एजेंडे को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं के पास अब कोई काम नहीं बचा है, इसलिए उन्हें चिंतन टोलियों के नाम पर लॉलीपॉप दिया जा रहा है।
सरकार के तीन साल पूरे होने से पहले नई कवायद
मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में पार्टी अपनी योजनाओं और चुनावी वादों के क्रियान्वयन की स्थिति जानना चाहती है। चिंतन टोलियों के जरिए सरकार और संगठन के बीच संवाद बढ़ाने की योजना है। अब यह देखना होगा कि इन टोलियों से मिलने वाले सुझावों पर सरकार कितना अमल करती है और इसका योजनाओं के कामकाज पर क्या असर पड़ता है।









