MP में जल संकट से निपटने के लिए 353 करोड़ का प्लान, CM मोहन यादव ने 12 जिलों के कलेक्टरों को दिए निर्देश
MP के 12 जिलों में कम बारिश के बाद जल संकट से निपटने की तैयारी शुरू है। सरकार ने शहरों और गांवों के लिए अलग-अलग बजट तय किया है।
मध्य प्रदेश में कम बारिश के कारण आने वाले दिनों में पेयजल की समस्या बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कम वर्षा वाले 12 जिलों के कलेक्टर्स से सीधे बात कर हालात की जानकारी ली। साथ ही नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहरों और गांवों के लिए अलग-अलग बजट से बनेगा प्लान
सरकार ने नगरीय निकायों में जल प्रबंधन के लिए 165.95 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की व्यवस्था के लिए 187 करोड़ रुपये से अधिक का प्लान बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाने, नए नलकूपों का खनन कराने और जल संचयन के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्च 2027 तक पूरी होंगी 126 निकायों की जल योजनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 126 नगरीय निकायों में निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी नगरीय निकायों को 30 जून 2027 तक पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए योजनाओं के काम में तेजी लाने और समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया है।
CM बोले- इंसान ही नहीं, मवेशियों के लिए भी हो पानी का इंतजाम
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी की व्यवस्था केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं, बल्कि मवेशियों के लिए भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां जरूरत हो, वहां पहले से इंतजाम किए जाएं, ताकि गर्मी के दौरान लोगों और पशुओं को पानी की परेशानी न हो।
कम बारिश वाले 12 जिलों पर सरकार की नजर
सरकार ने प्रदेश के 12 कम वर्षा वाले जिलों को विशेष रूप से ध्यान में रखा है। इनमें आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। इन जिलों के कलेक्टर्स से मुख्यमंत्री ने सीधे चर्चा कर पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली और जरूरत के मुताबिक तैयारी करने के निर्देश दिए।









