पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP-अकाली दल, शाह बोले- अकाली दल का होगा मुख्यमंत्री
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद पंजाब में फिर गठबंधन कर लिया है। अमित शाह ने घोषणा की कि दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतने पर अकाली दल का नेता मुख्यमंत्री बनेगा। सीटों के बंटवारे पर फैसला बाकी है। 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली में पीएम मोदी शामिल होंगे।
BJP-Akali Dal Back Together: पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साथ चुनाव लड़ने की घोषणा की। शाह ने साफ किया कि चुनाव में अकाली दल बड़ी भूमिका में रहेगा और गठबंधन की जीत पर मुख्यमंत्री भी इसी पार्टी का होगा।
अकाली दल को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता मुख्यमंत्री बनेगा। सीटों के बंटवारे पर बातचीत आगे की जाएगी। दोनों पार्टियां इससे पहले भी पंजाब में तीन बार गठबंधन सरकार चला चुकी हैं। 1997, 2007 और 2012 में भाजपा-अकाली दल की साझेदारी सत्ता तक पहुंची थी। हालांकि, सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच करीब 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था।
सुखबीर बादल बोले- यह राजनीतिक नहीं, पारिवारिक रिश्ता
कॉन्फ्रेंस में अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बताया कि गठबंधन को केवल चुनावी समझौता मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता भावनात्मक है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस जैसा संबंध बताते थे। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल ने इस रिश्ते को मजबूत बनाया था। उन्होंने कहा कि जब दोनों दल साथ रहे, तब पंजाब में शांति और विकास का माहौल बना रहा। अब राज्य को फिर से प्रगति के रास्ते पर लाने और उसकी मौजूदा चुनौतियों से बाहर निकालने की जरूरत है।
रैली में पीएम मोदी भी होंगे शामिल
साथ ही, सुखबीर बादल ने कहा कि उनके पिता प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में रैली आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। उन्होंने प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल और उनके सामाजिक योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने और पंजाब में भाईचारा बनाए रखने का काम किया। सुखबीर ने प्रधानमंत्री की ओर से पिता के निधन के समय भेजे गए पत्र का भी उल्लेख किया और कहा कि वह उसे हमेशा याद रखेंगे।
नितिन नवीन बोले- NDA को मिलेगी मजबूती
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल की एनडीए में वापसी को पंजाब और देश के हित में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन स्वाभाविक है और इससे एनडीए की ताकत बढ़ेगी। यह साझेदारी पंजाब के विकास के साथ-साथ हिंदू-सिख एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों दल मिलकर राज्य को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
पीएम मोदी ने कहा- पुराना गठबंधन फिर मजबूत होगा
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गठबंधन की वापसी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण दोनों दलों की प्राथमिकता है। पीएम ने इस साझेदारी को स्वाभाविक बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे राज्य को जनहितैषी सरकार और विकास की नई दिशा मिलेगी। मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के समय में बने भाजपा-अकाली दल के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि यह गठबंधन कई कसौटियों पर खरा उतरा है।
नशा और गैंगस्टरवाद पर रोक लगाने का दावा
अमित शाह ने पंजाब में कानून-व्यवस्था सुधारने को गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना और गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाना जरूरी है। भाजपा और एनडीए की सरकारों में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाती है। वहीं, सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले दस साल में दोनों सरकारों के कार्यकाल के दौरान पंजाब को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य की युवा पीढ़ी, किसानों और खेती को बचाने के लिए भाजपा-अकाली दल की साझेदारी जरूरी है।
2022 के चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन रहा था कमजोर
2020 में गठबंधन टूटने के बाद भाजपा और अकाली दल ने 2022 का विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में अकाली दल को तीन, जबकि भाजपा को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। अब छह साल बाद दोनों दल फिर एक साथ आए हैं। फिलहाल सीटों का बंटवारा और साझा चुनावी रणनीति तय होना बाकी है।






.jpg&w=3840&q=75)