PM मोदी ने बालेन शाह को लगाया गले, नेपाली प्रधानमंत्री को मिला गार्ड ऑफ ऑनर; भारत-नेपाल के बीच इन 3 बड़े मुद्दों पर बनी बात
नेपाल के PM बालेन शाह का दिल्ली में PM मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने पशुपतिनाथ का प्रसाद और गंगाजल का कलश भेंट किया। बैठक में आर्थिक पैकेज, कांडला-पारादीप बंदरगाहों और अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा जैसे मुद्दे चर्चा में रहे।

Modi-Balen Shah Bilateral Meeting: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान सोमवार को दिल्ली में उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए गले लगाया। इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया और नेपाली प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह के बीच हुई बैठक में भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत बनाने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और कनेक्टिविटी बेहतर करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
नेताओं ने उपहारों का किया आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात में धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव की झलक भी देखने को मिली। नेपाली प्रधानमंत्री ने मोदी को पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद एक कलात्मक लकड़ी के डिब्बे में भेंट किया। इसमें रुद्राक्ष, शालिग्राम और चंदन शामिल थे। प्रधानमंत्री सचिवालय के मुताबिक, यह बालेन शाह की ओर से मोदी के लिए निजी उपहार था। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह को गंगाजल से भरा कलश भेंट किया। इसके अलावा नेपाली दूतावास की ओर से भी प्रधानमंत्री मोदी को मच्छिंद्रनाथ से जुड़ा एक उपहार दिया गया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय बैठक के दौरान एक-दूसरे को ये उपहार सौंपे।
मोदी और बालेन शाह की बैठक में सहयोग बढ़ाने पर जोर
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के पारंपरिक संबंधों को और मजबूत करना तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशना रहा। बैठक में व्यापार, आर्थिक साझेदारी, परिवहन, ऊर्जा और क्षेत्रीय संपर्क जैसे विषयों पर बातचीत हुई। इस दौरान तीन अहम प्रस्तावों पर विशेष चर्चा हुई। इनमें नेपाल को आर्थिक सहायता देने, भारतीय समुद्री बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने और दोनों देशों के धार्मिक स्थलों को रेल सेवा से जोड़ने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
1. नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देने की तैयारी
भारत और नेपाल के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज का मुद्दा चर्चा में रहा। भारत नेपाल को एक विशेष आर्थिक पैकेज देने की तैयारी कर रहा है। इसे दोनों देशों की विकास साझेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस पैकेज के तहत नेपाल को कितनी राशि मिलेगी और इसका स्वरूप क्या होगा, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि इस पहल का उद्देश्य नेपाल में विकास परियोजनाओं और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देना है।
2. कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच से नेपाल को होगा फायदा
बैठक में नेपाल को भारत के समुद्री बंदरगाहों तक पहुंच देने का मुद्दा भी अहम रहा। नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों के इस्तेमाल की सुविधा देने पर सहमति की बात सामने आई है। इससे नेपाल को दूसरे देशों से सामान मंगाने और अपने उत्पादों का निर्यात करने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकते हैं। चूंकि नेपाल एक भू-आबद्ध देश है, इसलिए समुद्री व्यापार के लिए दूसरे देशों के बंदरगाहों तक पहुंच उसके लिए महत्वपूर्ण है।
3. अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू होगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस'
भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने की योजना भी चर्चा में रही। इस प्रस्तावित ट्रेन का नाम 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' रखा गया है। इस रेल सेवा के जरिए भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम को जोड़ा जाएगा। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संपर्क और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी पर भी हुई चर्चा
बता दें, दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत में आर्थिक सहयोग के साथ ऊर्जा, जलविद्युत, व्यापार, निवेश, रेलवे और बुनियादी ढांचे से जुड़े विषय भी शामिल रहे। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को आगे बढ़ाने और विकास परियोजनाओं को गति देने पर भी जोर दिया गया। बालेन शाह की यह भारत यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



.jpg&w=3840&q=75)