भोपाल के हॉकी मैदान में आज आमने-सामने होंगे भारत और चीन, इस महिला खिलाड़ी की ड्रैग फ्लिक से पलट सकती है पूरी बाजी
तीन जीत के बाद अब भारत के सामने चीन की असली चुनौती है। क्या टीम इंडिया जीत का सिलसिला जारी रखकर टॉप पर अपनी जगह और पक्की कर पाएगी?

मध्य प्रदेश वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने चीन की कड़ी चुनौती होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शाम 7 बजे खेला जाएगा। भारत ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन जीत दर्ज की हैं। हालांकि, चीन की मजबूत टीम के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों को अपना पूरा दम दिखाना होगा।
तीन मैच जीतकर भारत टॉप पर, अब चीन की बारी
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उसने मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज की हैं। टीम के खाते में 9 अंक हैं और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर है। तीन मुकाबलों में भारत ने 11 गोल किए हैं, जबकि विरोधी टीमें उसके खिलाफ कोई गोल नहीं कर सकी हैं।
चीन की रैंकिंग भारत से बेहतर, मुकाबला होगा कड़ा
चीन को हल्के में लेना भारतीय टीम के लिए भारी पड़ सकता है। विश्व रैंकिंग में चीन चौथे स्थान पर है, जबकि भारत सातवें नंबर पर है। चीन ओलिंपिक पदक विजेता टीम भी है। टूर्नामेंट में चीन ने अब तक एक मैच जीता, एक ड्रॉ खेला और एक में हार का सामना किया है। उसके खाते में 4 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है।
जापान भी जीत की हैट्रिक के साथ दूसरे नंबर पर
अंक तालिका में जापान भी भारत के बराबर 9 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। जापान ने भी अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। ऐसे में चीन के खिलाफ जीत भारत को शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका देगी।
समीर दाद बोले- भारत के पास चीन को हराने का मौका
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने भारत-चीन मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि विश्व रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के आधार पर चीन मजबूत प्रतिद्वंद्वी है। हालांकि, भारत पहले एशियन गेम्स में चीन को हरा चुका है। ऐसे में इस बार भी भारतीय टीम उलटफेर कर सकती है।
दीपिका की ड्रैग फ्लिक और सलीमा की कप्तानी पर नजर
समीर दाद के मुताबिक, पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका की मौजूदगी भारत के लिए अहम होगी। उनकी ड्रैग फ्लिक टीम को गोल करने का मौका दे सकती है। वहीं, नवनीत कौर का अनुभव और खेल को समझने की क्षमता भारतीय टीम के काम आएगी। कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भी टीम को मजबूती देगा।






.jpg&w=3840&q=75)