MP में 22 लाख व्यापारियों के लिए CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, जानिए व्यापार को लेकर क्या है सरकार की तैयारी
CM मोहन यादव ने भोपाल में 55 जिलों के कैट पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। सरकार ने 22 लाख व्यापारियों के साथ मिलकर कारोबार और रोजगार बढ़ाने का संकल्प जताया।

मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी की अहम भूमिका है। सरकार व्यापारियों के साथ मिलकर काम करेगी, ताकि नए रोजगार के अवसर पैदा हो सकें। बुधवार को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को 'समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश' का संकल्प भी दिलाया।
55 जिलों के कैट पदाधिकारियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री बुधवार शाम कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां कैट के नवनियुक्त पदाधिकारियों, मध्यप्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी और 55 जिलों के अध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी।
22 लाख व्यापारियों के साथ सेतु बनेगा कैट
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को 'समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश' की शपथ दिलाई। इसमें कैट को प्रदेश सरकार और राज्य के करीब 22 लाख व्यापारियों के बीच सेतु की भूमिका निभाने का संकल्प शामिल है। कार्यक्रम में प्रदेश के 55 जिलों के बाजारों की मिट्टी लेकर समृद्धि कलश यात्राएं भी पहुंचीं। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर समृद्धि कलश भेंट किया।
डिजिटल भुगतान और ई-कॉमर्स से बढ़ेंगे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स, जीएसटी, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक से व्यापार के नए रास्ते खुले हैं। सरकार भी लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों मिलकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।
12 लाख करोड़ के निवेश का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपए का निवेश धरातल पर आ चुका है। सरकार प्रदेश को निवेश, उद्योग और व्यापार की नई संभावनाओं का केंद्र बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी को विकास यात्रा में सहभागी बनाया जाएगा।
कैट ने मेंटॉरशिप कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि यह समारोह केवल पदभार ग्रहण करने का नहीं, बल्कि व्यापारियों के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने नए व्यापारियों को मार्गदर्शन देने के लिए कैट से मेंटॉरशिप कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।









