CM मोहन यादव ने सुनी कुकड़ेश्वर की नेहा माली की फरियाद, 1 लाख रुपए की आर्थिक मदद का किया ऐलान
CM मोहन यादव ने नीमच की नेहा माली को बुलाकर उसकी शिकायत सुनी। संपत्ति विवाद की जांच के निर्देश दिए और एक लाख रुपये की मदद घोषित की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच दौरे के दौरान उनसे मिलने की कोशिश कर रही युवती नेहा माली की शिकायत सुनी। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने नेहा को अपने पास बुलाया और उसकी परेशानी जानी। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। साथ ही नेहा को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
कैबिनेट बैठक के बाद नेहा से की मुलाकात
नीमच जिले के कुकड़ेश्वर की रहने वाली नेहा माली मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या बताना चाहती थी। नीमच दौरे के दौरान जब मुख्यमंत्री का काफिला गुजर रहा था, तब वह सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात कराने की अपील करती नजर आई थी। उस समय सुरक्षा व्यवस्था के कारण उसकी मुलाकात नहीं हो सकी। बाद में कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने उसे बुलाकर उसकी बात सुनी।
रिश्तेदारों पर संपत्ति कब्जाने का आरोप
नेहा ने अपने रिश्तेदारों पर पिता की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा करने और उसे परेशान करने की शिकायत की है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को पूरे मामले की जांच कराने और नेहा को उसका उचित अधिकार दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता घोषित
मुख्यमंत्री ने नेहा को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर प्रशासन कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही उन्होंने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और युवती को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।





