मुरैना की पुरानी हवेली में खुदाई के दौरान मिली धातु की तोप और 30 गोले, पुलिस ने कब्जे में लिया सामान
मुरैना के पहाड़गढ़ क्षेत्र के पनिहारी गांव में पुरानी हवेली की खुदाई के दौरान धातु की छोटी तोप, करीब 30 गोले और कड़ियां मिली हैं। नवनिर्माण के लिए चल रही खुदाई में सामने आए इस सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक पुरानी हवेली की जमीन से ऐतिहासिक महत्व की वस्तुएं मिली है। पहाड़गढ़ क्षेत्र के पनिहारी गांव में नवनिर्माण के लिए कराई जा रही खुदाई के दौरान धातु की एक छोटी तोप, करीब 30 गोले और कुछ धातु की कड़ियां प्राप्त हुई हैं। सूचना मिलने ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया। अब पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञ वस्तुएं जांच करेंगे, ताकि इनके इतिहास और समयकाल का पता लगाया जा सके।
मिट्टी में दबा मिला सामान
जानकारी के मुताबिक, पनिहारी गांव की पुरानी गढ़ी हवेली में आनंद सिंह सिकरवार और बलवीर सिंह सिकरवार की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसके लिए बुलडोजर से जमीन की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मजदूरों की नजर मिट्टी के भीतर दबे धातु के सामान पर पड़ी। आसपास की मिट्टी हटाने पर वहां पतली नाल वाली एक छोटी तोप, करीब 30 छोटे गोले और धातु की कड़ियां दिखाई दीं।
पुलिस ने सुरक्षित रखवाया पूरा सामान
थाना प्रभारी सोनपाल तोमर ने बताया कि वस्तुएं मिलने के बाद हवेली के लोगों ने पहाड़गढ़ थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सामग्री जब्त कर ली और उसे थाने में सुरक्षित रखवा दिया। बरामद वस्तुओं में तोप की पतली नाल, छोटे गोले और धातु की कड़ियां शामिल हैं। पुलिस ने पुरातत्व विभाग को भी सूचना भेजी है।
विशेषज्ञों की जांच से खुलेगा इतिहास
अब पुरातत्व विभाग की टीम बरामद वस्तुओं का परीक्षण करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तोप और गोले कितने पुराने हैं और इनका संबंध किस ऐतिहासिक दौर या स्थानीय रियासत से रहा है। फिलहाल इनके निर्माण काल और वास्तविक उपयोग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चंबल क्षेत्र की पुरानी गढ़ियों से जुड़ा है ऐतिहासिक संदर्भ
गौरतलब है कि मुरैना और पहाड़गढ़ का इलाका ऐतिहासिक रूप से कई स्थानीय गढ़ियों और रियासतों से जुड़ा रहा है। पुराने समय में इन गढ़ियों की सुरक्षा के लिए पारंपरिक हथियारों का इस्तेमाल किया जाता था। ऐसे में हवेली से मिली तोप और गोले क्षेत्र के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं। हालांकि, इनके ऐतिहासिक महत्व का अंतिम निर्धारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही होगा।







