ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान पहुंचे भारतीय अधिकारी; SCO की बैठक में हुए शामिल, PM मोदी को न्योता!
ऑपरेशन सिंदूर के करीब डेढ़ साल बाद भारत ने SCO की बैठक में शामिल होने के लिए विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को पाकिस्तान भेजा है।
SCO Meeting Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सोमवार से तीन दिन (28-30 सितंबर) की शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में SCO के दूसरे सदस्यों के साथ-साथ भारत का डेलीगेशन भी हिस्सा ले रहा है। यह बैठक अगले साल, 2027 में होने वाले 'काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट' शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए है। भारतीय डेलीगेशन का पाकिस्तान जाना अहम है क्योंकि दोनों देशों के संबंध बीते कुछ समय से बेहद निचले स्तर पर हैं।
भारत के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेशनल कोऑर्डिनेटर आलोक डिमरी कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान के नेशनल कॉर्डिनेटर मोहम्मद फैसल बातचीत की अध्यक्षता कर रहे हैं।
पाकिस्तान कर रहा SCO की अध्यक्षता
SCO के सदस्य देशों में रूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस और चीन शामिल हैं। पाकिस्तान फिलहाल शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का अध्यक्ष है। वह अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में होने वाले एसोसिएशन ऑफ काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट (SCO शिखर सम्मेलन) की मेजबानी करेगा।
आलोक डिमरी कर रहे हैं अगुवाई
विदेश मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी और भारत के SCO को-ऑर्डिनेटर आलोक डिमरी सोमवार से इस्लामाबाद में शुरू हुई बैठक में भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे हैं।वहीं पाकिस्तान के नेशनल कॉर्डिनेटर मोहम्मद फैसल बातचीत की अध्यक्षता कर रहे हैं। यह बैठक बुधवार तक चलेगी।
पाकिस्तान से द्विपक्षीय बातचीत नहीं करेगा भारत
भारत ने साफ किया है कि पाकिस्तान में SCO की बैठक में शामिल होने का मकसद सिर्फ संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। भारत SCO के मंच पर पाकिस्तान के साथ सहयोग जारी रखेगा, लेकिन दोनों देशों के बीच अलग से द्विपक्षीय बातचीत नहीं होगी। भारत का रुख रहा है कि पाकिस्तान के साथ बातचीत के लिए आतंकवाद से मुक्त माहौल जरूरी है। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए सैन्य टकराव के बाद भारत ने कहा था कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।
2024 में जयशंकर भी गए थे पाकिस्तान
विदेश मंत्री एस. जयशंकर अक्टूबर 2024 में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद गए थे। तब वह 15 और 16 अक्टूबर को पाकिस्तान में थे। वे करीब 9 साल बाद पाकिस्तान जाने वाले पहले भारतीय विदेश मंत्री थे। इससे पहले दिसंबर 2015 में तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान गई थीं।
पाकिस्तान ने अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को SCO शिखर सम्मेलन के लिए न्योता भेजा था, लेकिन भारत की ओर से जयशंकर इसमें शामिल हुए थे। अब फिर SCO शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता दिए जाने की संभावना है।






