'अपनी दुकानदारी के लिए शाही मस्जिद का सौदा किया', रिहा होते ही AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के बिगड़े बोल, कहा- जल्द हिसाब करेंगे
28 सितंबर को मोहसिन अली खान उज्जैन की शाही मस्जिद की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें नागझिरी पुलिस थाने में रखा गया। उस समय इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों के लिए शाही मस्जिद का 3 फीट का हिस्से को हटाए जाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। वहीं अब पूरे मामले पर AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान का विवादित बयान सामने आया है। मोहसिन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं कि सौदेबाजी के कारण मस्जिद का सौदा कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही मुकाबला होने वाला है और सभी का हिसाब किया जाएगा।
बवाल के बाद आया AIMIM का बयान
मोहसिन अली खान का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर एक दिन पहले काफी तनाव देखने को मिला था। 28 सितंबर को सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया था। इसी दौरान मोहसिन अली खान को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन्हें नागझिरी थाने में रखे जाने की जानकारी सामने आई थी। वीडियो भी नागझिरी थाने के बाहर का बताया जा रहा है। थाने से रिहा होने के बाद ही उन्होंने लोगों से बात की थी।
मोहसिन अली खान ने क्या कहा?
मोहसिन अली खान का वीडियो शाही मस्जिद की कार्रवाई के बाद सामने आया है। इसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। वीडियो में वह समर्थकों के बीच नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं आप सभी को यह चेतावनी देकर जा रहा हूं कि जल्द ही मुकाबला होगा और सभी का हिसाब होगा।' इसी बयान के बाद उज्जैन के शाही मस्जिद विवाद में AIMIM की प्रतिक्रिया भी चर्चा में आ गई है।
इससे पहले 28 सितंबर को मोहसिन अली खान उज्जैन की शाही मस्जिद की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें नागझिरी पुलिस थाने में रखा गया। उस समय इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर है विवाद
शाही मस्जिद का विवाद सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण से जुड़ा है। उज्जैन में कोयला फाटक से गोपाल मंदिर की ओर जाने वाली सड़क को चौड़ा करने की योजना है। इस काम की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आ रहा है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी की सहमति से की जा रही है। शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अनावश्यक रूप से मौके पर नहीं पहुंचने की अपील की थी।
कार्रवाई के दौरान हुआ था हंगामा
28 सितंबर को मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान मौके पर तनाव बढ़ गया था। पुलिस और भीड़ के बीच टकराव की स्थिति बनी। पुलिस पर पथराव की खबरों के बाद आंसू गैस और लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इसी बीच मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समाज के कुछ लोग प्रभावित हिस्से को खुद हटाते हुए भी नजर आए। सामने आए वीडियो में कुछ लोग भावुक दिखाई दिए और मस्जिद का हिस्सा हटाते समय दुआ करते नजर आए।
हाई कोर्ट में भी हुआ समझौता
मामला मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच तक भी पहुंचा था। सुनवाई के दौरान नगर निगम और मस्जिद कमेटी के बीच समझौते की जानकारी सामने आई। रिपोर्टों के मुताबिक करीब तीन फीट हिस्सा हटाने और एक दुकान से जुड़े समाधान पर सहमति बनी। इसके बाद अदालत ने मामले का निपटारा कर दिया।
अब मोहसिन अली खान के ताजा बयान के बाद इस मामले में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है। फिलहाल उज्जैन में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी है और शाही मस्जिद के आसपास पुलिस की निगरानी जारी है।


