भोपाल में करंट लगने से बीजेपी नेता की मौत; पोल पकड़ते ही लगा झटका, जिम्मेदार कौन?
भोपाल के एमपी नगर में डीबी मॉल के पास एक दर्दनाक हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से मौत हो गई।

Bhopal Electric Shock: भोपाल के एमपी नगर में डीबी मॉल के पास सड़क किनारे लगे खंभे से करंट लगने के कारण भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। वह परिवार के साथ शॉपिंग करने आए थे। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन एम्स में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीबी मॉल शॉपिंग करने आए थे दिव्यऋषि
परिवार के साथ शॉपिंग करने आए दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने सहारे के लिए सड़क किनारे लगे पोल को एक हाथ से पकड़ लिया। दूसरे हाथ से दीवार पकड़ने की कोशिश के दौरान पोल में करंट होने से उन्हें जोरदार झटका लगा। हादसे में दिव्यऋषि की पत्नी भी बिजली की चपेट में आ गईं थीं, लेकिन वो खुद को करंट के संपर्क से अलग करने में सफल रहीं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों को संभाला।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर दिया CPR
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने CPR भी दिया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें तत्काल एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मेट्रो प्रोजेक्ट के काम के दौरान लगाया गया था पोल
प्रत्यक्षदर्शी पुलिसकर्मी के मुताबिक, यह पोल मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पोल के पास तार खुला होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब जांच कर रही है कि पोल में करंट कैसे पहुंचा और वहां खुले तार की स्थिति क्यों थी।
7 से ज्यादा लोगों को करंट, फिर भी कार्रवाई नहीं
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा के मुताबिक, जांच में सामने आया कि इस कट पॉइंट पर पिछले 3-4 दिन में 7 से ज्यादा लोगों को करंट लग चुका था। इसकी शिकायत भी की गई थी। इसके बावजूद सुधार कार्य नहीं किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने कट पॉइंट पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सामने आए वीडियो में एक पुलिसकर्मी हादसे की जानकारी देता नजर आ रहा है। वीडियो में उसी पोल का जिक्र किया गया है, जिसमें करंट आने की बात बताई जा रही है। एमपी नगर का यह इलाका काफी व्यस्त है और डीबी मॉल के आसपास बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे स्थान पर सड़क किनारे लगे पोल में करंट की स्थिति सामने आने के बाद विद्युत सुरक्षा और मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वही परिजनों ने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार बताया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




