2027 में 2 बार होगी PSC की परीक्षा, यूथ कॉन्क्लेव में CM मोहन यादव बोले- रिसर्च के लिए हर महीने 25 हजार मिलेगा
कार्यक्रम में 17 सरकारी विभागों और अलग-अलग संस्थाओं की भागीदारी रही। 80 से ज्यादा प्रदर्शनी स्टॉल में विश्वविद्यालयों, सरकारी विभागों और स्टार्टअप से जुड़े प्रोजेक्ट और नए आइडिया प्रदर्शित किए गए।
MP News: मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए मंगलवार को राजधानी भोपाल में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में कई अहम घोषणाएं की गईं। लाल परेड मैदान में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर से आए 20 हजार से ज्यादा युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, नई तकनीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के ज्यादा मौके देने पर काम कर रही है।
साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए सबसे अहम घोषणा MPPSC को लेकर की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में अब लोक सेवा आयोग की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए ज्यादा मौके मिल सकेंगे। अभी तक परीक्षा के एक ही चक्र के कारण युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में 12 नई यूनिवर्सिटी खोलने की योजना है। इससे उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को नए विकल्प मिलेंगे। सरकार ने आने वाले साल को ‘युवा वर्ष’ के तौर पर मनाने की भी बात कही है।
AI से लेकर ड्रोन और EV तक पर फोकस
यूथ कॉन्क्लेव का फोकस सिर्फ सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 17 सरकारी विभागों और अलग-अलग संस्थाओं की भागीदारी रही। 80 से ज्यादा प्रदर्शनी स्टॉल में विश्वविद्यालयों, सरकारी विभागों और स्टार्टअप से जुड़े प्रोजेक्ट और नए आइडिया प्रदर्शित किए गए। युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप, रिसर्च और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
स्टार्टअप और रोजगार के नए विकल्प
कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप के जरिए युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने और नए आइडिया पर काम करने की जानकारी दी गई। सरकार का जोर इस बात पर रहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि नए बिजनेस और इनोवेशन के जरिए रोजगार देने वाले भी बनें।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक जागरूकता और कम्युनिटी पुलिसिंग जैसे विषय भी शामिल रहे। युवाओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए गए।
जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे ने दी प्रस्तुति
यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया था। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का खास आकर्षण रहीं। इस तरह कार्यक्रम में करियर और रोजगार की जानकारी के साथ संगीत और मनोरंजन का भी माहौल रहा।
सरकार का कहना है कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, कौशल और नए विचारों को सही अवसरों से जोड़ना है। सीएम यूथ कॉन्क्लेव के जरिए सरकार ने शिक्षा से लेकर रोजगार, स्टार्टअप और भविष्य की तकनीक तक युवाओं के लिए अलग-अलग रास्तों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की कोशिश की।
