सागर पब्लिक स्कूल में ट्रैफिक अवेयरनेस प्रोग्राम, छात्रों और बस ड्राइवरों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
कार्यक्रम में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने छात्रों को नियमों के प्रति जागरुक किया। इसमें ट्रैफिक प्रभारी जोन-1 सेक्टर-3 अंजुबाला मालवीय के साथ यातायात पुलिस के प्रधान आरक्षक राजीव गौतम और आरक्षक चंद्रभान बघेल शामिल हुए।
Bhopal: भोपाल के रोहित नगर स्थित सागर पब्लिक स्कूल में ट्रैफिक एजुकेशन एंड अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किया गया। पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान (PTRI) की ओर से चलाए जा रहे विशेष सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ स्कूल से जुड़े स्टाफ और बस ड्राइवरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने छात्रों को नियमों के प्रति जागरुक किया। इसमें ट्रैफिक प्रभारी जोन-1 सेक्टर-3 अंजुबाला मालवीय के साथ यातायात पुलिस के प्रधान आरक्षक राजीव गौतम और आरक्षक चंद्रभान बघेल शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को रोजमर्रा में यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में बताया।
छात्रों को समझाए यातायात नियम
जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने और वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी सड़क हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सफर करते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूरी है।
कार्यक्रम में स्कूल बस ड्राइवरों और सहायक स्टाफ को भी सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में जरूरी जानकारी दी गई। बच्चों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन जैसी चीजों से ध्यान न भटकाने की सलाह दी गई।
राहवीर योजना की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ को राहवीर योजना के बारे में भी बताया गया। इस योजना का उद्देश्य सड़क हादसे में घायल लोगों को समय पर मदद पहुंचाने के लिए आम लोगों को प्रोत्साहित करना है। मध्य प्रदेश में भी इस योजना को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। योजना के तहत गंभीर सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है।
छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों, बस ड्राइवरों और सहायक स्टाफ को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। स्कूल प्रबंधन ने यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना की और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।
सागर पब्लिक स्कूल, रोहित नगर में पहले भी यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हो चुका है। स्कूल की वेबसाइट के अनुसार जनवरी 2025 में भी ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी थी और कार्यक्रम के अंत में शपथ दिलाई गई थी।