MP Travel Mart 2026 का आगाज, 34 देशों से आएंगे 100 विदेशी मेहमान; ₹1100 करोड़ का निवेश
भोपाल में MP Travel Mart 2026 का सातवां संस्करण शुरू होने जा रहा है। 34 से अधिक देशों के 100 विदेशी प्रतिनिधि और 15 राज्यों के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे। आयोजन में ₹1100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों पर काम होगा। इस दौरान सीहोर जिले के रामगढ़ से जुड़ा निवेश समझौता खास आकर्षण रहेगा।
MP Travel Mart 2026: मध्य प्रदेश को इंटरनेशनल टूरिज्म मैप पर और मजबूत करने की दिशा में राजधानी भोपाल में बुधवार से MP Travel Mart 2026 शुरू होने जा रहा है। चार दिन चलने वाले इस आयोजन का समापन 10 अक्टूबर को होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मार्ट का उद्घाटन करेंगे। इस बार दुनिया के 34 से ज्यादा देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के साथ देशभर के टूर ऑपरेटर्स भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
देश-विदेश के टूरिज्म एक्सपर्ट होंगे एक मंच पर
सूत्रों के अनुसार, MP Travel Mart के सातवें संस्करण में करीब 600 से ज्यादा प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। इनमें 15 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से ज्यादा घरेलू टूर ऑपरेटर्स शामिल हैं। अमेरिका, फ्रांस, जापान, इटली, ब्रिटेन, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस और नीदरलैंड्स समेत कई देशों के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भोपाल पहुंच रहे हैं। आयोजन का फोकस मध्य प्रदेश के पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और नए बिजनेस कनेक्शन तैयार करने पर रहेगा।
2025 में MP घूमने पहुंचे 21 करोड़ से ज्यादा पर्यटक
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई। इस दौरान कुल पर्यटक आवागमन का आंकड़ा 21.05 करोड़ तक पहुंच गया। इसी बढ़ती पर्यटन गतिविधि को निवेश और रोजगार के नए अवसरों में बदलना इस साल के Travel Mart का प्रमुख उद्देश्य है। आयोजकों को उम्मीद है कि विदेशी और घरेलू टूर ऑपरेटर्स के बीच बातचीत से राज्य के पर्यटन सेक्टर को नई दिशा मिलेगी।
₹1100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
बता दें, MP Travel Mart 2026 में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े ₹1100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों और समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है। इसके तहत होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लग्जरी टेंट कैंपिंग और इको-टूरिज्म से संबंधित 14 परियोजनाओं के लिए निजी निवेशकों को करीब ₹252 करोड़ के Letter of Award (LOA) दिए जाएंगे। इसके साथ ही पर्यटन मार्गों पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख पर्यटन हाईवे पर आधुनिक मार्ग सुविधा केंद्र विकसित किए जाएंगे।
सीहोर में बनेगा ₹848.40 करोड़ का बड़ा टूरिज्म प्रोजेक्ट
Travel Mart के दौरान सीहोर जिले के रामगढ़ से जुड़ा निवेश समझौता खास आकर्षण रहेगा। यहां ₹848.40 करोड़ की लागत से बड़े पर्यटन प्रोजेक्ट को विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित परियोजना में इंटरनेशनल लेवल का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लग्जरी होटल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे करीब 920 प्रत्यक्ष रोजगार के साथ बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
'मां की रसोई' में दिखेगा MP का देसी स्वाद
वही, Travel Mart में विदेशी मेहमानों को मध्य प्रदेश की पारंपरिक खान-पान संस्कृति से परिचित कराने के लिए 'मां की रसोई' नाम से खास लाइव फूड काउंटर तैयार किया गया है। यहां कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटी, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की ताजा चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। मिलेट आधारित इन व्यंजनों के जरिए मध्य प्रदेश के स्थानीय स्वाद के साथ पौष्टिक अनाजों को भी अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने पेश किया जाएगा।
सातवें संस्करण को लेकर बढ़ी उम्मीदें
MP Travel Mart का यह संस्करण मध्य प्रदेश के लिए सिर्फ पर्यटन प्रदर्शनी नहीं, बल्कि B2B नेटवर्किंग और निवेश का बड़ा प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है। विदेशी बाजारों से जुड़ाव, नए निवेश, पर्यटन अधोसंरचना और स्थानीय रोजगार पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है। इस आयोजन की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे।

