MP Weather Update: 15 जिलों में बारिश-गरज का अलर्ट, जानिए भोपाल-इंदौर में कैसा रहेगा मौसम?
MP Weather Today: 7 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के 15 जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। रीवा, सतना, शहडोल, छतरपुर समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है। भोपाल-इंदौर में बारिश का खास अलर्ट नहीं है।

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। प्रदेश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आज यानी 7 अक्टूबर को मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में कहीं-कहीं बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
इन 15 जिलों में बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और मैहर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
इन इलाकों में सिर्फ बौछारें ही नहीं, बल्कि कुछ जगहों पर बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे जिले में बारिश होगी। मौसम विभाग ने स्थानीय स्तर पर isolated rainfall का अनुमान जताया है।
भोपाल में आज कैसा रहेगा मौसम?
बता दें, राजधानी भोपाल में 7 अक्टूबर को बारिश की खास संभावना नहीं है। यहां दिनभर मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो अधिकतम पारा करीब 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री रह सकता है। दिन के वक्त धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन सुबह और रात में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है। हवा की रफ्तार भी करीब 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है।
इंदौर में भी बारिश का अलर्ट नहीं
वहीं, इंदौर समेत प्रदेश के ज्यादातर बड़े शहरों में 7 अक्टूबर को बारिश को लेकर कोई विशेष अलर्ट नहीं है। मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, अक्टूबर के इस दौर में स्थानीय मौसम तेजी से बदल सकता है। इसलिए शाम के समय बादल छाने या तेज हवा चलने पर स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना बेहतर रहेगा।
मानसून लौट गया, फिर बारिश क्यों?
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश से मानसून की वापसी का सिलसिला आगे बढ़ चुका है, लेकिन वातावरण में मौजूद कुछ मौसमी प्रणालियां अभी भी बारिश के लिए परिस्थितियां बना रही है। उत्तर और मध्य भारत के आसपास सिस्टम सक्रिय हैं।
इसके अलावा बिहार से झारखंड, विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ बना हुआ है। इसी मौसमी गतिविधि के कारण मध्य प्रदेश के कुछ पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
