'भारत दुनिया का ग्रोथ इंजन...', 7.8% GDP ग्रोथ पर IMF ने कही बड़ी बात
IMF ने कहा- दुनिया का ग्रोथ इंजन है भारत:GDP ग्रोथ अनुमान से बेहतर 7.8% रही, ऊर्जा संकट के बावजूद मजबूत रही भारतीय अर्थव्यवस्था

India GDP Growth: भारत की GDP ग्रोथ और उसके आंकड़ों को लेकर चल रही बहस के बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने नए आर्थिक आंकड़ों और उन्हें तैयार करने के तरीके को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की है। IMF के मुताबिक भारत अब भी दुनिया की ग्रोथ के लिए प्रमुख इंजन बना हुआ है। इस प्रमुख वैश्विक संगठन का कहना है कि अपडेट किए गए इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) और प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) सीरीज आगे भारत की GDP ग्रोथ के अनुमान को और बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
IMF ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ
आईएमएफ की प्रवक्ता जूली कोजाक ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में भारत की 7.8% की जीडीपी ग्रोथ उनके अनुमान और मार्केट एक्सपर्ट्स की उम्मीदों से कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा कि सर्विसेज और एक्सपोर्ट में बेहतर प्रदर्शन ने इस ग्रोथ को रफ्तार दी है।
जूली कोजाक के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एनर्जी प्राइस में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत की घरेलू इकोनॉमी की मजबूती इस आंकड़े में दिखाई देती है।
IMF ने डेटा क्वालिटी पर क्या कहा?
जूली कोजैक ने भारत के मैक्रोइकोनॉमिक डेटा सिस्टम को आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों को स्टैटिस्टिकल फ्रेमवर्क और डेटा क्वालिटी को और मजबूत करने की दिशा में इसी तरह आगे बढ़ना चाहिए। IMF की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत के आर्थिक आंकड़ों की गुणवत्ता और GDP की गणना को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके कुछ नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। वहीं सरकार का कहना है कि नए डेटा सेट और बदले हुए डेटा सिस्टम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़े अनुमानों को ज्यादा मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है।
नए IIP और PPI से बेहतर होंगे आर्थिक अनुमान
ग्रोथ रेट के अलावा आईएमएफ ने भारत सरकार के सांख्यिकीय सुधारों (Statistical reforms) की भी जमकर तारीफ की है। सरकार ने जीडीपी के नए आंकड़ों में एक नया औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) तथा एक नया उत्पादक मूल्य सूचकांक (PPI) शामिल किया है। इन नए बदलावों से देश की आर्थिक गतिविधियों को मापने में ज्यादा सटीकता आने की उम्मीद है। आईएमएफ ने डेटा क्वालिटी को बेहतर बनाने की दिशा में भारत के प्रयासों का खुले दिल से स्वागत किया है। ये सुधार इसलिए भी खास हैं क्योंकि इनसे नीति निर्माताओं तथा अर्थशास्त्रियों को सही समय पर एकदम सटीक फैसले लेने में काफी मदद मिलेगी। बेहतर डेटा की मदद से अर्थव्यवस्था की असली तस्वीर सामने आएगी।

.jpg&w=3840&q=75)




