होटल के कमरे से महिला की लाश ले जाते दिखा व्यापारी; इंदौर में पति बोला- दीपक को जानता हूं, राज खोलूंगा
पूरा मामला तिलक नगर क्षेत्र के एलएक्स का है। यहां ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा के मामले की शुरुआती जांच में सोनिला के मुंह से झाग मिलने के कारण जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की दिशा में फंदे से दम घुटने का एंगल भी सामने आया है।
MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। मामले में सीसीटीवी फुजेट सामने आया है। जिससे पता चलता है कि सोनिला के एलएक्स होटल पहुंचने के लगभग पौने घंटे बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल भी होटल पहुंचा था। दोनों कमरे में साथ रहे, फिर थोड़ी देर बाद कारोबारी महिला की लाश को निकालते हुए बाहर आया। होटल स्टाफ के पूछने पर उसने बताया कि सोनिला की तबीयत बिगड़ गई है और वह बेहोश हो गई है। इसलिए अस्पताल ले जा रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं पूरे मामले में पुलिस को कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश है। फिलहाल दीपक खंडेलवाल पुलसि की गिरफ्त से बाहर है।
पोस्टमार्टम में फंदे से दम घुटने की बात
पूरा मामला तिलक नगर क्षेत्र के एलएक्स का है। यहां ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा के मामले की शुरुआती जांच में सोनिला के मुंह से झाग मिलने के कारण जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की दिशा में फंदे से दम घुटने का एंगल भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से स्पष्ट होगी। विसरा भी जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पति बोला- कारोबारी को जानता हूं, 8 दिन बाद राज खोलूंगा
वहीं सोनिला के पति संजय ने बताया कि वह दीपक को जानता है, लेकिन फिलहाल मामले पर विस्तार से बात नहीं करना चाहता। उसने कहा कि करीब आठ दिन बाद वह पूरी बात बताएगा। संजय और सोनिला की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और दोनों की दो बेटियां हैं। परिवार के मुताबिक पिछले कुछ समय से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। सोनिला इंदौर में रहती थी, जबकि संजय ब्यावरा में रह रहा था।
होटल में पहले पहुंची थी सोनिला
पुलिस जांच के मुताबिक सोनिला बुधवार दोपहर एलएक्स होटल पहुंची थी। कुछ समय बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल भी वहां आया। दोनों होटल के एक कमरे में थे। करीब कुछ देर बाद दीपक कमरे से बाहर निकला और होटल कर्मचारियों को सोनिला की तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
इसके बाद सोनिला को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद दीपक वहां से चला गया और फिलहाल उससे पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच क्या हुआ था और सोनिला की हालत किस परिस्थिति में बिगड़ी।
CCTV फुटेज से सामने आई गतिविधियां
मामले की जांच में होटल के बाहर का CCTV भी अहम माना जा रहा है। फुटेज में एक सफेद कार होटल के बाहर दिखाई देती है। कुछ युवक कार के आसपास नजर आते हैं। इनमें से कुछ लोग सोनिला को कार तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस CCTV के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि होटल के कमरे से अस्पताल तक सोनिला को ले जाने के दौरान कौन-कौन लोग मौजूद थे और उस समय उसकी हालत कैसी थी।
पुलिस के सामने कई सवाल
तिलक नगर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोनिला की मौत वास्तव में कैसे हुई। कमरे में मिले साक्ष्य, CCTV फुटेज, पोस्टमॉर्टम निष्कर्ष और विसरा रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस फिलहाल कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार उससे पूछताछ के बाद घटनाक्रम की कई महत्वपूर्ण कड़ियां स्पष्ट हो सकती हैं। जब तक मेडिकल और पुलिस जांच पूरी नहीं होती, मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।


