‘हनुमान अंश’ देखने के बाद CM मोहन यादव ने जमकर की तारीफ, कहा- इसमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश
मुख्यमंत्री के साथ फिल्म देखने के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, महापौर मालती राय और पार्टी से जुड़े अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को भोपाल के कोलार स्थित एक सिनेमा हॉल पहुंचे और आध्यात्मिक विषय पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी जमकर तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में आस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसी फिल्में लोगों को अपनी जड़ों से जुड़ने का संदेश देती हैं।
‘हनुमान अंश’ फिल्म संत नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा पर केंद्रित है। फिल्म में उनके जीवन के उन पहलुओं को दिखाने का प्रयास किया गया है, जिनमें भक्ति, सेवा और मानव कल्याण का भाव प्रमुख रहा।
फिल्म के कलाकारों समेत पूरी टीम को दी बधाई
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसके कलाकारों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को प्रभावी तरीके से दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री ने नीम करौली बाबा के जीवन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनकी भक्ति और सेवा की भावना समाज के लिए महत्वपूर्ण संदेश देती है।
मुख्यमंत्री के साथ फिल्म देखने के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, महापौर मालती राय और पार्टी से जुड़े अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
टैक्स फ्री करने पर भी हुई चर्चा
फिल्म देखने के बाद ‘हनुमान अंश’ को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने के सवाल पर भी मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इस पर विचार करने की बात कही है। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।
फिल्म की आज अंतरराष्ट्रीय रिलीज
‘हनुमान अंश’ ने शुरुआत में धीमी रफ्तार के बावजूद दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाई है। फिल्म को खासतौर पर उसके आध्यात्मिक विषय और नीम करौली बाबा के जीवन को केंद्र में रखने के कारण चर्चा मिली है। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज भी 11 सितंबर से निर्धारित की गई है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी हैं। इसमें शॉबिनव सत्य, चंदन आनंद समेत कई कलाकारों ने भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के आध्यात्मिक जीवन और उनके सेवा भाव को केंद्र में रखती है।
वहीं मुख्यमंत्री द्वारा फिल्म देखे जाने के बाद मध्य प्रदेश में भी ‘हनुमान अंश’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खासतौर पर धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर बनने वाली फिल्मों को लेकर सरकार के रुख को लेकर भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


.jpg&w=3840&q=75)