सागर जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, इनामी आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर
सागर जहरीली शराब कांड में 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है। इसके बाद इलाज के लिए उसे बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया है।

Sagar Liquor Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब कांड मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। शराब कांड के आरोपी रवि लखेरा का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। उसके खिलाफ 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। घटना के बाद से रवि लखेरा फरार चल रहा था। गोली लगने के बाद उसे बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।
पुलिस ने पैर में मारी गोली
पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा को पकड़ने के बाद जब उसे ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं रुका तो कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी पर था 20 हजार रुपये का इनाम
रवि लखेरा पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, वह सागर जहरीली शराब कांड में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी को मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। आरोपी को बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग से पकड़ा गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
ललितपुर से जुड़ा था शराब कांड का कनेक्शन
पुलिस की जांच के मुताबिक, रवि लखेरा की भूमिका के जरिए सागर जहरीली शराब कांड का कनेक्शन उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़ा था। उसे अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े आरोपी के तौर पर देखा जा रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की सप्लाई कहां से हुई, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और तस्करी का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है।


.jpg&w=3840&q=75)