दिग्विजय सिंह ने की "सनातन स्वाभिमान यात्रा" की घोषणा, 20 अक्टूबर से होगी शुरूआत
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सनातन के लिए यात्रा निकालने जा रहे हैं। उन्होंने उज्जैन से अयोध्या तक यात्रा निकालने का ऐलान किया है।
Digvijaya Singh: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 'सनातन स्वाभिमान यात्रा' की घोषणा की है। यह यात्रा धर्म के नाम पर लूट और श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ के खिलाफ है। उन्होंने 20 अक्तूबर, 2026 को विजयादशमी के दिन उज्जैन से अयोध्या तक इसे निकालने का निर्णय लिया है। दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं है। इसका उद्देश्य धर्म के नाम पर पारदर्शिता, सत्य और श्रद्धा की रक्षा करना है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर यात्रा
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे आस्था के बिंदु को, हमारे चड़ोत्री को आपने लूट लिया? गाड़ियां खरीद लीं, मकान बना रहे हैं, सैकड़ों करोड़ों का आपने घपला किया। इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। इन सब बातों को लेकर ही मैंने तय किया है कि दशहरा 20 अक्टूबर 2026 को, जिस प्रकार से हम दशहरा हर साल मनाते हैं, अधर्म पर धर्म की विजय, उसी बात को लेकर मैंने सनातन स्वाभिमान यात्रा करने का तय किया है।
चंपत राय को बचाने में पूरी सरकार लगी हुई है
दिग्विजय सिंह का आरोप है कि चंपत राय को बचाने में सरकार लगी हुई है। उन्होंने कहा कि दुख इस बात का होता है जब जो ट्रस्ट जिसका गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, उसमें वो लोग भी शामिल हो गए लूट में? अब चंपत राय को बचाने के लिए पूरी सरकार लगी हुई है, जिन्होंने खुद ने लूट में हिस्सा लिया।
राम शिला पूजन अभियान में लिया था भाग
दिग्विजय सिंह ने यात्रा का एलान करते हुए यह भी बताया कि उन्होंने विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस का विरोधी होने के बावजूद 88-89 में राम शिला पूजन अभियान में भाग लिया था।
यात्रा से जुड़ने के लिए जारी किया गूगल फॉर्म
दिग्विजय सिंह ने 'सनातन स्वाभिमान यात्रा' से जुड़ने के लिए गूगल फॉर्म जारी किया है, जिसके जरिए लोग यात्रा से जुड़ने के लिए गूगल फार्म से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।



.jpg&w=3840&q=75)