ग्वालियर में पेट्रोल पंप में टैंक की सफाई के दौरान लगी आग, क्लीनर 90 प्रतिशत झुलसा, बाइक से निकली चिंगारी से घटना
कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित कर लिया।
MP News: ग्वालियर के छावनी इलाके में बुधवार दोपहर पेट्रोल पंप में टैंक की सफाई करते समय आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में क्लीनर बुरी तरह झुलस गया। लगभग 90 प्रतिशत शरीर जल गया है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित कर लिया।
चश्मदीद बोले- बाइक से निकली चिंगारी से आग भड़की
हादसा शहर के व्यस्त शिंदे की छावनी इलाके में कांग्रेस कार्यालय के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर हुआ। आग पेट्रोल टैंक के पास भड़की और कुछ ही देर में मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पेट्रोल पंप संचालक हर्ष खंडेलवाल के अनुसार, घटना के समय एक व्यक्ति अपनी बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था। इसी दौरान बाइक से निकली चिंगारी पेट्रोल टैंक के नजदीक पहुंच गई, जिसके बाद आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से बाइक भी जल गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पंपकर्मियों की सक्रियता से टला बड़ा हादसा
आग लगते ही पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध फोम एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करते हुए आग पर लगातार फोम का छिड़काव किया। कर्मचारियों की तत्परता के कारण आग को फैलने से रोक दिया गया।
पेट्रोल पंप पर आग लगने की घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि आसपास का इलाका काफी घना और व्यस्त है। यहां ऑटोमोबाइल और दोपहिया वाहनों से जुड़ी कई दुकानें हैं। आसपास रिहायशी क्षेत्र भी मौजूद हैं। ऐसे में आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान काफी बढ़ सकता था।
पेट्रोल टैंकर भी परिसर में था
घटना से जुड़ी एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि आग लगने से कुछ समय पहले ही पेट्रोल टैंकर को खाली किया गया था और वह परिसर में खड़ा था। पेट्रोल पंप पर ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा था। ऐसे में कर्मचारियों द्वारा तुरंत फोम एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करना महत्वपूर्ण रहा।
घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में लोगों की भीड़ जुटी रही। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)
