तालाब से जिंदा निकाला, अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर नहीं मिले! 18 साल के अयान की मौत पर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
खंडवा के ग्राम जामनिया में मंगलवार शाम तालाब में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
Khandwa News: खंडवा के ग्राम जामनिया में मंगलवार शाम तालाब में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अयान पिता रियाज कुरैशी निवासी जामनिया के रूप में हुई है। अयान दोस्तों के साथ गांव के पास तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
हादसे के बाद दोस्तों ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से अयान को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उसे मूंदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप- अस्पताल में समय पर नहीं मिला इलाज
परिजनों का आरोप है कि तालाब से बाहर निकालने के बाद अयान की सांस चल रही थी। उसे तत्काल मूंदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां काफी देर तक डॉक्टर ने उसे नहीं देखा।
आरोप है कि अस्पताल में मौजूद नर्स फोन पर बात कर रही थी और डॉक्टर के उपलब्ध नहीं होने के कारण अयान को दूसरे चिकित्सक और निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल में समय पर उपचार शुरू हो जाता तो संभव है कि उसकी जान बच जाती।
CMHO बोले- मैं फिलहाल बाहर हूं, इसे दिखवाता हूं
मामले में खंडवा सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत का कहना है कि, मूंदी अस्पताल में एक महिला डॉक्टर की स्थायी नियुक्ति है। अब आरोप-प्रत्यारोप तो लगते रहते हैं, लेकिन डॉक्टर को मौके पर रहना चाहिए। मैं फिलहाल बाहर हूं, वहां ड्यूटी पर डॉक्टर क्यों नहीं था, इसे दिखवाता हूं।
पूर्व विधायक ने भी उठाए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक ठाकुर राजनारायणसिंह पुरनी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मूंदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए।
पूर्व विधायक ने कहा कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर उपलब्ध होना जरूरी है। उनका कहना है कि अयान को तत्काल इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी।
स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि अब अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने और अस्पताल में डॉक्टरों की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
समझाइश के बाद पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए परिजन
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद मूंदी पुलिस भी अस्पताल पहुंची। एएसआई केएन तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे।
पुलिस और पूर्व विधायक की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्थिति और कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)
