‘सरकार पैसे दे रही तो काम क्यों नहीं हो रहा?’, राहुल गांधी ने मीटिंग में अधिकारियों से मांगा जवाब
दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आए राहुल गांधी मंगलवार को दिशा की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सड़कों के गड्ढों को लेकर अफसरों को घेरा।
Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को रायबरेली में दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी जेब से फोन निकाला और योगी के मंत्री को एक तस्वीर दिखाई। तस्वीर देखकर मंत्री भी हक्के बक्के रह गए। साथ ही उन्होंने मौजूद अधिकारियों से सवाल कर डाले। मगर, किसी के पास कोई जवाब नहीं था।
‘सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा है?’
राहुल गांधी ने बैठक में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को अपने मोबाइल पर टूटी सड़कें दिखाईं। राहुल ने दिशा की मीटिंग में जर्जर सड़कों और गड्ढों की तस्वीरें दिखाकर PWD अधिकारियों और डीएम से पूछा कि सड़कों की हालत ऐसी क्यों है?
राहुल ने कहा कि जब सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा है? आप लोग क्या कर रहे हैं? इस मीटिंग में ऊंचाहार से BJP विधायक मनोज पांडेय, एमएलसी और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे।
सपा विधायकों ने किया प्रदर्शन
रायबरेली में सपा विधायक राहुल लोधी, श्याम सुंदर भारती ने दिशा की मीटिंग के दौरान हॉल के बाहर प्रदर्शन किया। हालांकि, राहुल के पहुंचने से पहले पुलिस ने उनसे पोस्टर और बैनर छीन लिए।
पोस्टर पर लिखा था- स्कूल बंद, फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे, जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। जिले में आम लोगों की समस्याएं जस की तस हैं, तो ऐसे में दिशा की बैठक का क्या औचित्य है?
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क
राहुल गांधी जिस सड़क की तस्वीर दिखा रहे थे वो रायबरेली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी दरीबा से कठघर मार्ग की है, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही यह सड़क पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। गड्डों से भरी सड़क पर रोजाना राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वाहन गड्डों में फंस जाते हैं, जिससे लंबे जाम की स्थिति बन जाती है। रोजाना हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। राहगीरों ने ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
तीन करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण
राहुल गांधी ने अपने रायबरेली के अंतिम और दूसरे दिन बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों एवं अमेठी और सुल्तानपुर से आए लोगों से मुलाकात की। शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील सिंह भदौरिया ने बताया कि राहुल गांधी ने लोगों की समस्याएं सुनी और तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया।







.avif&w=3840&q=75)