उंगलियां काटी और सिर फ्रिज में रखा, बॉडी कुत्तों को खिलाना चाहता था; शादी के 6 महीने बाद पति ने बेरहमी से की हत्या
रामानुज गोस्वामी और रिया की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों इसी फ्लैट में रहते थे। रिया गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी।
Assam Wife's Murder Case: असम के गुवाहाटी में एक शख्स ने अपनी पत्नी बेहद खौफनाक तरीके से हत्या कर दी। पत्नी का धड़ घर से बरामद हुआ, जबकि उसका सिर फ्रिज के अंदर पॉलीथीन में रखा मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला की उंगलियां भी काटे जाने के निशान मिले हैं। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया। हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है।
बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस से शिकायत की
पूरा मामला गुवाहाटी के बेसिस्थापुर इलाके का है। यहां रामानुज गोस्वामी और रिया नाम के दंपती रहता था। पुलिस के अनुसार, दंपती के फ्लैट से दुर्गंध आने पड़ोसियों ने जानकारी दी थी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पास में रहने वाले घर में दंपती दो दिनों से दिखाई नहीं दिए और दोनों का मोबाइल भी बांद है। पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब फ्लैट का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई तो महिला का क्षत-विक्षत अवस्था में शव बरामद हुआ।
पत्नी का शव कुत्तों को खिलाना चाहता था
पुलिस जब ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई तो महिला का धड़ घर में पड़ा मिला। जबकि महिला का सिर फ्रिज के अंदर पॉलीथीन में रखा था। हत्या के बाद आरोपी रामानुज गोस्वामी घर से फरार हो गया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पत्नी के शव को कुत्तों को खिलाना चाहता था और इसके लिए प्लानिंग भी कर ली थी। लेकिन इसके पहले पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है, जिसके हत्या में इस्तेमाल होने की आशंका है। फोरेंसिक टीम ने फ्लैट से खून के निशान और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं। कमरे में सामान भी अस्त-व्यस्त मिला। बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेजा गया है। फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं।
6 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक रामानुज गोस्वामी और रिया की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों इसी फ्लैट में रहते थे। रिया गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी।
पुलिस के अनुसार, रामानुजन गोस्वामी घटना के बाद घर पर मौजूद नहीं था। पड़ोसियों ने उसे आखिरी बार शुक्रवार को देखने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार रात उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।
हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई
पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दंपती के बीच किसी तरह का विवाद था या हत्या के पीछे कोई अन्य कारण था। साथ ही पुलिस घटनाक्रम में किसी और व्यक्ति की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
पुलिस के मुताबिक महिला के शव को देखते हुए हत्या 24 से 48 घंटे पहले होने की आशंका है। हालांकि, मौत का सटीक समय पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने आरोपी के बयान को घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों से मिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल यह मामला गुवाहाटी के उन जघन्य अपराधों में शामिल हो गया है, जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस की जांच अब हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी के कथित अपराध से जुड़े सभी साक्ष्यों पर केंद्रित है।
