दिल्ली में गिरी 5 मंजिला बिल्डिंग, एक स्टूडेंट की मौत, पीजी में रहने वाले छात्र घायल; कई मलबे में दबे
हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। रेस्क्यू जारी है।
Delhi Building Collapses: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत में पीजी संचालित हो रहा था और इसमें बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। जानकारी के मुताबिक इनमें अधिकतर दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। बचाव दल मौके पर पहुंचा है। रेस्क्यू जारी है।
मलबा हटाने का काम जारी
हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में बचाव अभियान में NDRF की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया। राहतकर्मी बेहद सावधानी से मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
बिल्डिंग के अंदर से बचाने की आवाजें सुनाई दे रही थीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत गिरने के बाद काफी देर तक मलबे के भीतर से लोगों के मदद के लिए पुकारने की आवाजें सुनाई देती रहीं। स्थानीय लोग भी राहतकर्मियों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। कुछ लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, हादसे में कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं और कितनी जनहानि हुई है, इसका अंतिम आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं है।
आसपास की इमारतों को लेकर भी निर्देश जारी
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक इमारत में निर्माण या बेसमेंट से जुड़े काम का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इमारत गिरने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है। घटना के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
