भोपाल के उफनते बड़े तालाब में 'मौत का खेल', बारिश के बीच जान जोखिम में डालकर कराई जा रही बोटिंग
भारी बारिश के कारण भोपाल के बड़े तालाब में पानी लगातार बढ़ा है। जलस्तर बढ़ने के साथ तेज हवा और बदलते मौसम के बीच बोटिंग करना जोखिम भरा हो सकता है।
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारी बारिश के बीच बड़े तालाब में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शीतलदास की बगिया पर बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ने के बावजूद पर्यटकों को बोटिंग कराई जा रही है। बोटिंग ऐसे समय पर करवाई जा रही है, जब मौसम खराब है और तालाब पूरी तरह से भर चुका है. बोटिंग कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
पुलिस और प्रशासन कर रहा अनदेखी!
शीतलदास की बगिया पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां कुछ लोग उफनते तालाब के पानी में बोटिंग करते दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि मौके पर नगर निगम और पुलिस की पर्याप्त तैनाती नजर नहीं आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि बोटिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो कौन इसकी जिम्मेदारी लेगा।
भारी बारिश के कारण भोपाल के बड़े तालाब में पानी लगातार बढ़ा है। जलस्तर बढ़ने के साथ तेज हवा और बदलते मौसम के बीच बोटिंग करना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बावजूद पर्यटकों को बोटिंग की अनुमति दिए जाने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
बरगी बांध में हुआ था बड़ा हादसा
खराब मौसम और जलाशयों में बोटिंग के कारण पहले भी गंभीर हादसे सामने आ चुके हैं। जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज हादसे में कई लोगों की जान चली गई थी। हादसे के बाद प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई थी। ऐसे में सवाल है कि बड़े तालाब में बोटिंग संचालन से पहले मौसम, जलस्तर और सुरक्षा मानकों की पर्याप्त जांच की जा रही है या नहीं।
बारिश के इस दौर में प्रशासन और नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जरूरत इस बात की है कि मौसम और जलस्तर को देखते हुए बोटिंग को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश लागू किए जाएं और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

