कनाडा से MP आ रहा बॉम्बार्डियार चैलेंजर 3500, CM समेत VVIP करेंगे यात्रा; जानिए 325 करोड़ के जेट की क्या है खासियत
इसकी उड़ान क्षमता करीब 6,290 किलोमीटर बताई गई है और अधिकतम रफ्तार लगभग 870 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।विमान में आधुनिक एवियोनिक्स, प्रीमियम केबिन, घूमने वाली सीटें, सोफा और आधुनिक पैंट्री जैसी सुविधाएं भी हैं। कॉन्फिगरेशन के आधार पर इसमें करीब 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता हो सकती है।
MP News: मध्य प्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक बिजनेस जेट अब राज्य के VVIP विमान बेड़े में शामिल होने की तैयारी में है। कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर का Challenger 3500 विमान अब मुख्यमंत्री और अन्य VVIP यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। विमान के भारत पहुंचने के बाद इसे सीधे सेवा में नहीं लगाया जाएगा, बल्कि सुरक्षा और तकनीकी मानकों की विस्तृत जांच से गुजरना होगा। लगभग 325 करोड़ की लागत वाले इस जेट में सुरक्षा जांच में ही लगभग 20 लाख रुपये खर्च होंगे।
दो पायलेट ले रहे खास ट्रेनिंग
जानकारी के मुताबिक मुंबई की एक निजी एजेंसी जेट की सुरक्षा की जांच करेगी। इसमें विमान के तकनीकी, परिचालन और सुरक्षा मानकों को परखा जाएगा। जांच पूरी होने और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे राज्य सरकार के बेड़े में औपचारिक रूप से शामिल किया जाएगा।
नए विमान को उड़ाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार के पायलटों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दो पायलट फिलहाल ट्रेनिंग ले रहे हैं और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विमान को कनाडा से भोपाल लाने की प्रक्रिया में शामिल होंगे। कंपनी की ओर से विमान के साथ करीब एक साल तक मेंटेनेंस सपोर्ट दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
जेट की क्या हैं खासियत?
चैलेंजर 3500 को सुपर-मिड-साइज बिजनेस जेट की श्रेणी में रखा जाता है। इसकी उड़ान क्षमता करीब 6,290 किलोमीटर बताई गई है और अधिकतम रफ्तार लगभग 870 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इसकी लंबी रेंज की वजह से देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक लंबी दूरी की यात्राएं कम रुकावट के साथ पूरी की जा सकती हैं।
विमान में आधुनिक एवियोनिक्स, प्रीमियम केबिन, घूमने वाली सीटें, सोफा और आधुनिक पैंट्री जैसी सुविधाएं भी हैं। कॉन्फिगरेशन के आधार पर इसमें करीब 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता हो सकती है।
राज्य को मिलेगी VVIP हवाई यात्रा की सुविधा
मध्य प्रदेश के सरकारी विमान बेड़े में लगभग पांच साल बाद नया समर्पित विमान शामिल होने जा रहा है। 2021 में राज्य के पुराने विमान से जुड़ी लैंडिंग घटना के बाद मुख्यमंत्री और अन्य VVIP यात्राओं के लिए बड़े पैमाने पर चार्टर्ड विमान और हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। नए जेट के आने से राज्य की VVIP हवाई यात्रा के लिए अपनी सुविधा उपलब्ध होगी।
