Sagar Liquor Case: UP के ललितपुर से हो रही थी जहरीली शराब की सप्लाई, नकली रैपर और ढक्कन लगाकर तैयार करते थे
बताया जा रहा है कि ललितपुर से लाई गई नकली शराब को बड़े पैमाने सागर के सीमावर्ती गांवों खपाया जा रहा था। अब तक जांच में खुलासा हुआ है कि ललितपुर मे तैयार की गई नकली शराब सागर के बांदरी, बढ़ोदिया, गूगरा खुर्ग, नौराज, बैराज समेत अन्य गावों में सप्लाई की जा रही थी।
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यूपी के ललितपुर से सागर में जहरीली शराब की सप्लाई की जा रही थी। ललितपुर जिले से सटे गांवों में यूपी के शराब माफियाओं का रैकेट सक्रिय था और यह गिरोह ललितपुर से नकली शराब बना कर कम दामों पर सागर जिले के गांवों में सप्लाई करता था।
नकली रैपर और ढक्कन लगाकर कर रहे थे सप्लाई
कुछ दिन पहले यूपी पुलिस ने ललितपुर से नकली और अवैध शराब की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि वे सागर के बंडा क्षेत्र के साथ अन्य इलाकों में नकली शराब की सप्लाई करते हैं। आरोपियों ने बताया था किया था कि वह ललितपुर निवासी रवि लखेरा और उसकी पत्नी शिवानी लखेरा और चंद्रेश लोधी, मोना राजा के साथ मिलकर ललितपुर में नकली शराब तैयार करते है। आरोपी नकली शराब पर नकली रैपर, नकली ढक्कनों में सील लगा देते थे। इसके बाद ऊपर नकली क्यू आर कोड लगाकर उन्हें गाड़ियों और बाइक के जरिए सागर के अलग-अलग गांवों में सप्लाई कर रहे थे।
इन गांवों में खपाई जा रही थी जहरीली शराब
बताया जा रहा है कि ललितपुर से लाई गई नकली शराब को बड़े पैमाने सागर के सीमावर्ती गांवों खपाया जा रहा था। अब तक जांच में खुलासा हुआ है कि ललितपुर मे तैयार की गई नकली शराब सागर के बांदरी, बढ़ोदिया, गूगरा खुर्ग, नौराज, बैराज समेत अन्य गावों में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने मामले में संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में छापेमारी शुरु कर दी है।
अवैध शराब ठिकानों का पता लगाने में जुटी पुलिस
अवैध शराब का करोबार यूपी के ललितपुर से मध्य प्रदेश के सागर तक फैला हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ललितपुर से कैसे शराब सागर किन माध्यमों और लोगों के जरिए पहुंच रही थी। इस गिरोह में कौन-कौन स्थानीय लोग शामिल थे और नकली शराब को ललितपुर से सागर तक पहुंचाने का नेटवर्क कितना बड़ा है। घटना के बाद प्रशासन ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। सागर में शराब की दुकानों और अवैध शराब के ठिकानों की जांच की जा रही है।
जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत
सागर में शनिवार को जहरीली शराब पीने से कई गांवों में लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद मरीजों का अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक-एक कर कई लोगों ने दम तोड़ दिया। अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 25 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इनमें कई लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।