सागर में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, 25 की हालत गंभीर; मरीजों के शरीर नीले पड़े
वहीं जहरीली शराब से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। क्षेत्र की कई शराब दुकानों को सील किया गया है।
MP News: मध्य प्रदेश में एक बार फिर जहरीली शराब पीने से मौत का मामला सामने आया है। सागर जिले के बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर्स के मुताबिक जिन मरीजों को अस्पताल लाया गया था, उनके शरीर नीले पड़ गए थे। सागर कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने भी शराब का सेवन किया है और जिन्हें तकलीफ हो रही है, फौरन अपने नजदीकी अस्पताल में जांच करवाएं। वहीं घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए हैं।
गांवों में की जा रही है स्क्रीनिंग
पूरा मामला बंडा तहसील का है। यहां शनिवार देर रात जहरीली और अवैध शराब पीने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग की जा रही है। जिन लोगों ने शराब पी है, या फिर जिनकी तबीयत बिगड़ रही है, अस्पताल ले जाकर उनकी जांच करवाई जा रही है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है, जिन्होंने भी शराब का सेवन किया है। वो नजदीकी अस्पताल में अपनी जांच करवाएं। अस्पताल में भर्ती कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।
जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी मरीजों को बेहतर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'सागर जिले के बंड्डा शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के कारण कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है।मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त मौके पर पहुंच रहे हैं। हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए हैं। सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित जन के साथ हैं।'
https://x.com/JagdishDevdaBJP/status/2096465446950293549?s=20
शराब की कई दुकानों को किया गया सील
वहीं जहरीली शराब से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। क्षेत्र की कई शराब दुकानों को सील किया गया है। सागर पीआरओ की तरफ से जानकारी देते हुए बताया गया, ' सागर जिले के बंडा ब्लॉक में संदिग्ध/अवैध जहरीली शराब के सेवन से हुई दुखद घटना के उपरांत सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर एवं एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं साथ ही एहतियातन तौर पर क्षेत्र की कुछ दुकानों (बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा) को तत्काल प्रभाव से सील कर शराब के सैंपल की जांच की जा रही है।'
साथ ही लोगों से अपील की है कि जिन व्यक्तियों ने भी शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट या धुंधलापन महसूस हो रहा है, वे एहतियात के तौर पर बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं।