PM मोदी के जन्मदिन पर एमपी को बड़ा तोहफा, 50 लाख लोगों की होगी मुफ्त रजिस्ट्री, शुरू होंगे दो बड़े अभियान
मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दो बड़े अभियान शुरू होंगे। इनमें 50 लाख से अधिक ग्रामीणों को स्वामित्व अभियान के तहत निःशुल्क संपत्ति रजिस्ट्री मिलेगी।
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्य प्रदेश में दो बड़े अभियान शुरू किए जाएंगे। इनमें स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान और सेवा संकल्प अभियान शामिल हैं। स्वामित्व अभियान के तहत आबादी की जमीन पर काबिज लोगों को उनकी संपत्ति की रजिस्ट्री सरकार की ओर से मुफ्त में कराकर दी जाएगी। इससे प्रदेश के 50 लाख से अधिक ग्रामीण लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्य प्रदेश में दो बड़े अभियान शुरू किए जाएंगे। इनमें स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान और सेवा संकल्प अभियान शामिल हैं।
50 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान के तहत ग्रामीण आबादी में रहने वाले लोगों को उनकी संपत्ति का निःशुल्क रजिस्ट्री दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। प्रदेश में करीब 50 लाख लोगों को इसका लाभ मिलने की बात कही गई है।
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति से जुड़े अधिकारों को अभिलेखों में दर्ज कर लोगों को उनके स्वामित्व का अधिकार उपलब्ध कराना है।
सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों को इस अभियान का नेतृत्व खुद करने का निर्देश दिए हैं। जिला, जोन और सेक्टर स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के तय समय-सीमा के भीतर लाभ मिले और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक को ग्राम पंचायत स्तर पर संयुक्त रूप से कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। इन कैंपों में हर गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्रेशन पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
58 लाख दीपक जलाए जाएंगे
17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा से संकल्प अभियान का पहला बड़ा कार्यक्रम आशीर्वाद का दीपक होगा। शाम 7 बजे राज्य भर में लाभार्थी परिवारों के घरों के साथ-साथ चुनिंदा ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों पर एक साथ 58 लाख दीपक जलाए जाएंगे। उज्जैन के श्री महाकाल महालोक में 25 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी चल रही है। इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी शामिल करने की योजना है। इसके बाद 13 अलग-अलग जन-सेवा पहलों के जरिए इस अभियान को 17 अक्टूबर तक आगे बढ़ाया जाएगा।



