'गाड़ी पार्क करके आओ, मैं यहीं खड़ी हूं', पति के साथ चिड़ियाघर घूमने गई महिला बॉयफ्रेंड के साथ भागी
चिड़ियाघर के बाहर लगे CCTV कैमरे में महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर जाते हुए दिखाई दी है। पुलिस फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों की तलाश कर रही है।
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चिड़ियाघर घूमने पहुंची 18 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने पति के साथ शिवपुरी से ग्वालियर आई थी। पति जब चिड़ियाघर के बाहर बाइक पार्क करने गया, उसी दौरान महिला अपने परिचित युवक अरमान खान की बाइक पर बैठकर चली गई। पति ने आसपास तलाश करने के बाद पुलिस से शिकायत की। घटना के करीब 48 घंटे बाद भी महिला और युवक का पता नहीं चल पाया है।
यह घटना 6 अक्टूबर, मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। चिड़ियाघर के बाहर लगे CCTV कैमरे में महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर जाते हुए दिखाई दी है। पुलिस फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों की तलाश कर रही है।
पति से कहा था- चिड़ियाघर घूमने का मन है
जानकारी के मुताबिक शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र से 18 वर्षीय सुहाना रजक अपने पति करण रजक के साथ ग्वालियर आई थी। दोनों का रिश्तेदारों से मिलने का कार्यक्रम था। इसी दौरान सुहाना ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई, जिसके बाद वे फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान पहुंच गए।
चिड़ियाघर के बाहर पहुंचने पर करण अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी करने चला गया। सुहाना गेट के पास ही रुकी रही। सुहाना ने कहा कि मैं यहीं खड़ी हूं। तुम बाइक पार्क करके आओ। पति जब बाइक खड़ी करके वापस लौटा तो सुहाना वहां नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
CCTV में युवक की बाइक पर जाती दिखी महिला
पत्नी के अचानक गायब होने के बाद करण ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उसे जानकारी मिली कि सुहाना एक युवक की बाइक पर बैठकर वहां से निकली है। इसके बाद पुलिस ने चिड़ियाघर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर महल गेट की ओर जाती दिखाई दी। पति ने युवक की पहचान अरमान खान के रूप में बताई है। बताया जा रहा है कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे उसकी पहचान और आगे के रास्ते का पता लगाने में परेशानी हो रही है।
महिला और बॉयफ्रेंड के मोबाइल बंद
पड़ाव थाना पुलिस ने महिला और युवक के संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की जांच की। हालांकि, महल गेट के पास से दो अलग-अलग रास्ते निकलते हैं और आगे के कुछ हिस्सों में कैमरे उपलब्ध नहीं होने से पुलिस को उनकी दिशा का पता लगाने में परेशानी हो रही है। दोनों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की है और फोन चालू होने पर लोकेशन मिलने की उम्मीद है।
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला और युवक की तलाश जारी है। महिला के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किन परिस्थितियों में गई और उसके साथ क्या हुआ। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।