7 महीने से लापता छात्रा OTP से मिली, लोकेशन पर CID पहुंची तो बोली- मैंने शादी कर ली और प्रग्नेंट हूं
मामले में परिवार ने कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद अप्रैल में जांच CID को सौंप दी गई। CID ने दोनों छात्राओं के घर से निकलने के बाद संभावित रास्तों और ठिकानों की दोबारा पड़ताल शुरू की।
Bengaluru Missing Girl: बेंगलुरु में जिस 18 साल की जिस लापता छात्रा के लिए मां-बाप परेशान थे, वह ओटीपी के जरिए मिली। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करके जब CID पहुंची तो हैरान रह गई। कनकपुरा तालुक के एक गांव में छात्रा एक युवक के साथ रह रही थी। छात्रा ने बताया कि उसने युवक के साथ शादी कर ली है और प्रेग्नेंट भी है।
31 जनवरी को सहेली के साथ घर से निकली थी
मामला बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा इलाके का है। छात्रा PUC सेकेंड ईयर में पढ़ती थी। 31 जनवरी को वह अपनी एक नाबालिग सहेली के साथ कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
जांच में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि दोनों लड़कियां अपने मोबाइल फोन और ATM कार्ड घर पर ही छोड़ गई थीं। उनके पास सिर्फ आधार कार्ड और कॉलेज बैग होने की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में दोनों के माले महादेश्वर हिल्स पहुंचने का पता चला था। वहां से दोनों के बारे में लंबे समय तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी।
100 से ज्यादा जगहों पर तलाश
लड़कियों के लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस ने अलग-अलग टीमों के जरिए कई संभावित स्थानों पर खोजबीन की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मुंबई, चेन्नई, कोयंबटूर, केरल, मैसूर और चामराजनगर समेत कई जगहों पर जांच की गई। इसके बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
मामले में परिवार ने कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद अप्रैल में जांच CID को सौंप दी गई। CID ने दोनों छात्राओं के घर से निकलने के बाद संभावित रास्तों और ठिकानों की दोबारा पड़ताल शुरू की।
माले महादेश्वर हिल्स से बदली कहानी
जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं माले महादेश्वर हिल्स गई थीं। वहां उनकी मुलाकात कनकपुरा इलाके के एक युवक से हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, छात्रा ने उस युवक को अपने और सहेली के बारे में अलग जानकारी दी थी। इसके बाद वह युवक दोनों को अपने साथ ले गया।
बाद में छात्रा ने उसी युवक से मंदिर में शादी कर ली और कनकपुरा तालुक के एक गांव में रहने लगी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर CID की जांच जारी है।
आधार कार्ड की डिटेल में पति का नंबर दिया
कई महीनों तक छात्रा का कोई पता नहीं चलने के बाद CID को आधार से जुड़ी एक नई गतिविधि का पता चला। जांचकर्ताओं के अनुसार, छात्रआ ने हाल में आधार विवरण का इस्तेमाल किया था और प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने पति का मोबाइल नंबर दिया था। इसी नंबर पर OTP भेजा गया।
CID ने इस मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और जांच आगे बढ़ाते हुए युवक तक पहुंची। पूछताछ के बाद अधिकारियों को छात्रा के ठिकाने की जानकारी मिली। कुछ अन्य रिपोर्टों में इस गतिविधि को नया SIM लेने से भी जोड़ा गया है, जबकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक इससे जुड़े सभी विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं।
हाईकोर्ट में पेशी के बाद माता-पिता को सौंपा
छात्रा को बरामद करने के बाद CID ने उसे कर्नाटक हाईकोर्ट के सामने पेश किया। इसके बाद उसे उसके माता-पिता की देखरेख में सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, छात्रा गर्भवती है। हालांकि छात्रा के साथ घर से निकली नाबालिग सहेली को लेकर जांच पूरी नहीं हुई है।
'पढ़ाई के लिए घरवालों की डांट से परेशान थी'
जांच के दौरान तनिष्का ने कथित तौर पर घर के माहौल को लेकर अपनी परेशानी बताई। रिपोर्टों के अनुसार, उसे पढ़ाई में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने पर डांट पड़ती थी और उसे लगता था कि उसकी बड़ी बहन को ज्यादा महत्व दिया जाता है। शुरुआती जांच में परीक्षा के दबाव को भी दोनों के घर छोड़ने की संभावित वजहों में शामिल किया गया था।

.jpg&w=3840&q=75)



