नागालैंड में जहरीली शराब का कहर! 2 दिन में 19 मौतें, राज्य में 36 साल से शराबबंदी कानून लागू
नागालैंड में पिछले दो दिनों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई है।

Nagaland Toxic Liquor: शराबबंदी वाले नागालैंड में शराब ने कोहराम मचा दिया है। नागालैंड में मिलावटी शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की कथित तौर पर मौत हो गई है। नागालैंड के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों की यह घटनाएं हैं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने SIT गठित की है और शराब के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं।
19 लोग गिरफ्तार, करीब 3,000 बोतलें ज़ब्त
मौतों के बाद पुलिस ने कई जगह छापेमारी की। इस कार्रवाई में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की गईं।
नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू
गौरतलब है कि नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद राज्य में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई से जुड़ी गतिविधियां सामने आती रही हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना लेबल वाली, अज्ञात या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन न करें। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के बाद अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।






