35.42 लाख पेंशनधारकों को सीएम मोहन यादव की सौगात, ₹212.57 करोड़ किए ट्रांसफर, कहा- MP में सबसे कम बेरोजगारी दर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास के पुंजापुरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में ₹212.57 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के पुंजापुरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के मंच से प्रदेश के 35.42 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 212.57 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से सीधे ट्रांसफर कर दी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुंजापुरा में "सेवा संकल्प अभियान" के तहत निकाली जा रही 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' के राइडर्स से वर्चुअली संवाद भी किया।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों को राशि
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में 212.57 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इससे पेंशन हितग्राहियों को सीधे आर्थिक सहायता मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, किसानों के लिए सिंचाई और गेहूं खरीदी, शिक्षा तथा युवाओं के लिए रोजगार से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया।
पीएम मोदी के लिए क्या बोले मोहन यादव ?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जा रही युवाओं की बाइक यात्रा का देवास जिले के पुंजापुरा में स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र धर्म की भावना के साथ काम किया है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी की शुरुआत हुई और आज वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के हर व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास उनकी कार्यशैली में स्पष्ट दिखाई देता है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को भव्य और दिव्य श्रीराम मंदिर की सौगात दी। इसके साथ ही राम राज्य की संकल्पना को साकार करते हुए हर गरीब को घर, पर्याप्त भोजन और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराई।
राइडर दीपेश गोटी ने पीएम से साझा किया अनुभव
पुंजापुरा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में सेवा यात्री दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री मोदी से वर्चुअल संवाद किया। शाजापुर जिले के रहने वाले दीपेश ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं से मिलने, उनकी भाषाएं सीखने और संस्कृति को समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से भी मुलाकात हुई। अलग-अलग सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को नमो ऐप से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। व्यापार के लिहाज से स्थानीय लोगों के मोबाइल नंबर लेने की बात पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता जताई और कहा कि मध्यप्रदेश के युवा भी व्यापार और स्वरोजगार के अवसर तलाश रहे हैं। यात्रा में ‘माय प्रॉमिस टू मोदी जी’ नाम से नवाचार भी किया गया है। इसके तहत 25 सेवा कार्य तय किए गए हैं और हर सेवा यात्री को इनमें से किसी एक सेवा कार्य का संकल्प दिलाया जा रहा है।
करणावत पुलिस सहायता केंद्र बनेगा पुलिस थाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करणावत पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाना बनाने, पुलिस जवानों के लिए आवास निर्माण करने तथा शासकीय गोदाम के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में सेवा संकल्प बाइक यात्रा में बाइक राइड भी की। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की। हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने बाइक राइडर्स के साथ पौधरोपण भी किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद वी.डी. शर्मा मौजूद रहे।
25 सितंबर से फिर चलेगी सरकारी बसें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर मुझे प्रसन्नता है कि 21 वर्ष पहले बंद हुई मध्यप्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं पुनः प्रारंभ होने जा रही हैं। मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हो चुका है और गांव-गांव तक सड़क एवं हाई-वे कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। मध्यप्रदेश देश के मध्य में स्थित है और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के साथ आवागमन की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए सड़क परिवहन निगम की बसें तीन स्तरों पर संचालित की जाएंगी। नगरीय क्षेत्रों में, प्रदेश के भीतर विभिन्न मार्गों पर तथा अंतरराज्यीय मार्गों पर। इससे प्रदेश के यात्रियों को आवागमन की बेहतर और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध होगी।
पुलिस के 18000 पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पुलिस इंस्पेक्टर से लेकर जवान तक 18,000 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके साथ ही सरकार द्वारा कुल 85,000 नए पदों पर भर्ती का कार्य किया जा रहा है। एमएसएमई के माध्यम से प्रदेश के 1 करोड़ 20 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश के राज्यों में सबसे कम है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। हमारे बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए सरकार लैपटॉप, साइकिल और किताबों के साथ स्कूटी भी प्रदान कर रही है, ताकि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सकें।





