55 हजार घूस मांगी, रंगेहाथों दबोचा गया इंजीनियर; खंडवा में लोकयुक्त की टीम की कार्रवाई
बुधवार को ठेकेदार को 14 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर NVDA कार्यालय भेजा गया। जैसे ही तकनीकी कक्ष में अशोक गौतम ने यह रकम ली, वहां पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

MP News: खंडवा में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA)के एक इंजीनयर को लोकायुक्त की टीम ने घूस लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। टीम को NVDA के उपयंत्री अशोक गौतम के 55 हजार रुपये रिश्वत मांगने की सूचना मिली थी। । आरोप है कि उन्होंने एक ठेकेदार के बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस करने के बदले 55 हजार रुपये की मांगी की थी। जिसके बाद प्लानिंग के तहत लोकायुक्त की टीम ने इंजीनयर को 14 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया।
2024 में मिला था निर्माण का ठेका
लोकायुक्त के मुताबिक शिकायतकर्ता लखन राठौर खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र के धूलवाड़ा गांव के रहने वाले हैं। उन्हें वर्ष 2024 में NVDA के पुनासा कार्यालय के अंतर्गत चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष बनाने का काम मिला था। करीब एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने के बाद ठेकेदार ने भुगतान के लिए विभाग में बिल जमा किए।
जानकारी के मुताबिक ठेकेदार को करीब 13 लाख रुपये का भुगतान मिल चुका था, लेकिन कुछ राशि का भुगतान अभी बाकी था। इसके साथ ही निर्माण कार्य के दौरान जमा की गई सिक्योरिटी डिपॉजिट की रकम भी वापस मिलनी थी। आरोप है कि इसी बकाया राशि और सिक्योरिटी डिपॉजिट को जारी करने के बदले उपयंत्री अशोक गौतम ने 55 हजार रुपये की मांग की थी। लोकायुक्त टीम की यह कार्रवाई पुनासा स्थित नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 के कार्यालय के तकनीकी कक्ष में की गई।
आरोपों की जांच के बाद बनाई प्लानिंग
ठेकेदार ने इस मामले की शिकायत 10 सितंबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में की थी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। लोकायुक्त के मुताबिक सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
बुधवार को ठेकेदार को 14 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर NVDA कार्यालय भेजा गया। जैसे ही तकनीकी कक्ष में अशोक गौतम ने यह रकम ली, वहां पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार रिश्वत की रकम आरोपी की पेंट की जेब से बरामद की गई और पेंट को भी जब्त किया गया।
रिटायरमेंट में सिर्फ 2 महीने का समय बाकी था
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने अशोक गौतम के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में की गई। टीम में लोकायुक्त पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे। जानकारी के मुताबिक अशोक गौतम के रिटायरमेंट में करीब दो महीने का समय बाकी था।
लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई शिकायत के सत्यापन के बाद की गई ट्रैप कार्रवाई के रूप में सामने आई है।


.jpg&w=3840&q=75)
