सागर जहरीली शराब कांड के दो आरोपियों का एनकाउंटर, मुठभेड़ के बाद मनीष और आशीष गिरफ्तार
सागर जहरीली शराब कांड के 30 हजार के इनामी मुख्य आरोपी मनीष लोधी से पुलिस की मुठभेड़ हुई। फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगी, जबकि साथी आशीष साहू भी घायल हुआ। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।
.jpg&w=3840&q=75)
Sagar Liquor Case: मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से मौत के मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी मनीष लोधी और आशीष साहू को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास आरोपियों का पुलिस टीम से सामना हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से भागने की कोशिश कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
फायरिंग के दौरान मनीष लोधी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर गया। वहीं उसका साथी आशीष साहू पुलिस से बचकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस के अनुसार, भागते समय वह भी घायल हो गया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके से कब्जे में लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
30 हजार रुपए का था इनाम घोषित
मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को सागर के बड़ा और विनायका थाना क्षेत्रों में सामने आए जहरीली शराब मामले में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपियों के कब्जे से हथियार जब्त
पुलिस टीम ने मौके से दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 5 राउंड कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया है। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर जरूरी कार्रवाई करते हुए हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार कार्रवाई और जांच जारी है।

