भोपाल में खाद्य विभाग की कार्रवाई, ब्लिंकिट स्टोर में मिला एक्सपायर्ड बेबी फूड, स्विगी इन्स्टामार्ट की भी जांच
भोपाल के नेहरू नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर में गंभीर लापरवाही सामने आई, यहां अमूल स्प्रे शिशु दुग्ध आहार के तीन पैकेट एक्सपायर्ड मिले।
Bhopal Food Safety Departmen: भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान ऑनलाइन ग्रोसरी स्टोर से लेकर होटल और रेस्टोरेंट तक कई कमियां सामने आई हैं। नेहरू नगर स्थित Blinkit स्टोर में अमूल स्प्रे शिशु दुग्ध आहार के तीन एक्सपायर्ड पैकेट मिले। इसके बाद विभाग ने संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने Swiggy Instamart, होटल शुभ इन, मिलन रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग और Blinkit के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
Blinkit स्टोर में मिला एक्सपायर्ड बेबी फूड
नेहरू नगर स्थित Blinkit स्टोर की जांच के दौरान अमूल स्प्रे शिशु दुग्ध आहार के तीन पैकेट एक्सपायर्ड पाए गए। इसके अलावा कुछ खाद्य उत्पादों की लेबलिंग और ब्रांडिंग में भी अनियमितताएं मिलीं।
विभाग अब इन उत्पादों के स्रोत, बिल, बैच नंबर और लेबल से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Swiggy Instamart में भी जांच
ज्योति नगर स्थित Swiggy Instamart में दो हजार से ज्यादा तरह के खाद्य उत्पाद स्टोर किए गए थे। इनमें फ्रोजन फूड, बच्चों के खाद्य पदार्थ, पनीर, घी, चिकन-मटन, मसाले, खाद्य तेल, आटा और ब्रेड जैसी सामग्री शामिल थी।
जांच के दौरान कोई एक्सपायर्ड उत्पाद नहीं मिला, लेकिन FSSAI लाइसेंस की निर्धारित शर्तों से जुड़ी कमियां सामने आईं। विभाग ने घी, पैक्ड चना और नाइस कुकीज के सैंपल लिए हैं। विभाग संबंधित रिकॉर्ड और खाद्य पदार्थों के स्रोत की जांच कर रहा है।
होटल शुभ इन में मिली कमियां
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल शुभ इन की रसोई और स्टोरेज की जांच में अधिकांश व्यवस्थाएं नियमानुसार मिलीं, लेकिन डस्टबिन व्यवस्था, कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप, पेयजल की पोटेबिलिटी रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कमियां मिलीं। विभाग ने यहां से सैंडविच ब्रेड और बेसन के नमूने लिए हैं।
मिलन रेस्टोरेंट को सुधार का नोटिस
एमपी नगर जोन-1 स्थित मिलन रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग की जांच में किचन और स्टोरेज एरिया की साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप से जुड़ी कमियां मिलीं।
विभाग ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को सुधार नोटिस जारी कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। यहां खड़ी मिर्च, लाल सोयाबीन तेल, पिसा धनिया पाउडर, समोसा और बटर पनीर के सैंपल लिए गए।
रिपोर्ट आने के बाद तय होगी कार्रवाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार, सभी प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा गया हैं। जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


-1.jpg&w=3840&q=75)
