ग्वालियर में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, बाइक से नीचे खींचकर सीने और सिर में मारी गोलियां
छोटू राजावत का नाम करीब एक साल पहले हुए भोला सिकरवार हत्याकांड में भी सामने आया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक छोटू पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात करीब रात 12 बजे मेला रोड पर एलएनआईपीई इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई। मृतक की पहचान छोटू राजावत के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह मानकर मामले की जांच कर रही है। हिस्ट्रीशीटर 3 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
बाइक से नीचे खींचकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक छोटू राजावत अपने साथियों टिल्लू, हेमसिंह, नीतेश और गोलू के साथ बाइक से सिरोल की ओर से आ रहा था। जैसे ही वे रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने छोटू को बाइक से नीचे खींच लिया और बेहद नजदीक से उसके सीने और सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद छोटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हत्या समेत एक दर्जन मामले दर्ज थे
छोटू राजावत का नाम करीब एक साल पहले हुए भोला सिकरवार हत्याकांड में भी सामने आया था। पुलिस के अनुसार, उस मामले में छोटू पर आरोप था कि उसने बंटी भदौरिया को भोला की लोकेशन की जानकारी दी थी। इसी केस में वह जेल गया था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक छोटू पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी वजह से पुलिस अब उसके पुराने विवादों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
सोशल मीडिया पर विवाद के बाद हुई थी भोला की हत्या
पुलिस की पिछली जांच के अनुसार भोला सिकरवार के भाई दीनू और गैंगस्टर बंटी भदौरिया के बीच सोशल मीडिया पर विवाद हुआ था। इसके बाद बंटी भदौरिया अपने विरोधी दीनू की तलाश में आया था। दीनू के नहीं मिलने पर उसके भाई भोला की हत्या कर दी गई थी। जांच में छोटू पर भोला की लोकेशन बताने का आरोप सामने आया था। इसी पुराने विवाद को अब छोटू की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पांच लोगों के खिलाफ नामजद केस
पुलिस ने मृतक के साथी के बयान के आधार पर हेमू सिकरवार, दीनू सिकरवार, रानू, राजवीर और अजीत के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। घटना के बाद सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार, पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव और पुलिस बल मौके पर पहुंचा था।
ग्वालियर एएसपी सुजावल बग्गा के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
.jpg&w=3840&q=75)
