ओडिशा में बिहार के जमुई के जैसी घटना; युवती छोड़ देने की गुहार लगाती रही, आरोपी बदसलूकी करते रहे
वीडियो में आरोपी लगातार युवती से बदसलूकी कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ बुजुर्ग लोगों ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी बाज नहीं आए।
Couple Assalt in Odisha: बिहार के जमुई के बाद ओडिशा में भी युवती के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। ओडिशा के ढेंकनाल जिले में एक युवक और युवती को रास्ते में रोककर मारपीट और बदतमीजी की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बाइक रोककर की मारपीट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 18 सितंबर को युवक और युवती बाइक से कपिलाश की तरफ जा रहे थे। कपिलाश से करीब 13 किलोमीटर दूर टांगी रोड पर गांदिया थाना क्षेत्र में आरोपियों ने दोनों को रोक लिया। वायरल वीडियो में कई लोग दोनों को घेरते नजर आ रहे हैं। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। युवती भी लोगों से उन्हें छोड़ने की अपील करती दिखाई दे रही है। जबकि आरोपी लगातार युवती से बदसलूकी कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ बुजुर्ग लोगों ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी बाज नहीं आए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ढेंकनाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। गांदिया पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
ढेंकनाल एसपी अभिनव सोनकर के मुताबिक शुरुआती जांच के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ भी कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार की घटना के बाद सामने आया मामला
ओडिशा की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब बिहार के जमुई में एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला चर्चा में है। जमुई की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। ओडिशा के मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दोनों घटनाओं की तुलना की जा रही है।
हालांकि, ओडिशा की घटना में युवक-युवती को रोकने की असली वजह क्या थी, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिख रहे सभी लोग कौन हैं और घटना से पहले मौके पर क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस ने वीडियो और दूसरे सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।

.jpg&w=3840&q=75)
