दिल्ली पुलिस में फिजिकल टेस्ट के दौरान युवक की मौत; दौड़ते समय अचानक गिर गया, फिर नहीं उठा
फिजिकल टेस्ट में अभ्यर्थियों की दौड़ और शारीरिक क्षमता से जुड़े मानकों की जांच की जाती है। ऐसे टेस्ट के दौरान मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाती है।
Delhi Police Youth Pysical Test: दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे 23 साल के एक युवक की फिजिकल टेस्ट के दौरान मौत हो गई। घटना सोमवार को वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में हुई। मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर इलाके के सलामतपुर गांव के नेता नगर का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए आयोजित Physical Endurance and Measurement Test (PEMT) में शामिल होने आया था।
दौड़ के दौरान अचानक गिरा युवक
पुलिस के अनुसार, सौरभ दौड़ में हिस्सा ले रहा था। दौड़ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्टाफ और मेडिकल टीम ने तुरंत उसकी मदद की। उसे प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद पुलिस की PCR वैन से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अस्पताल से इस घटना की सूचना सुबह करीब 11:11 बजे मिली थी।
घटना सुबह करीब 9:09 बजे हुई थी। सौरभ ने दौड़ के शुरुआती तीन राउंड पूरे कर लिए थे। इसके बाद उसे परेशानी महसूस हुई और वह ट्रैक के किनारे चला गया। कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने उसे CPCR दिया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
सौरभ की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में हार्ट अटैक की आशंका का जिक्र किया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए GTB अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी सौरभ के परिवार और रिश्तेदारों को भी दे दी गई है। पुलिस अब यह भी देख रही है कि फिजिकल टेस्ट के दौरान उसकी तबीयत किस तरह बिगड़ी और मौके पर उसे किस तरह की मेडिकल सहायता दी गई।
दिल्ली पुलिस की भर्ती प्रक्रिया जारी
दिल्ली पुलिस की ओर से 2025 भर्ती परीक्षा के अलग-अलग पदों के लिए Physical Endurance and Measurement Test कराया जा रहा है। दिल्ली पुलिस की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर अगस्त और सितंबर 2026 में PEMT की तारीखों में बदलाव और नए शेड्यूल से जुड़े कई नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें कांस्टेबल एग्जीक्यूटिव समेत अलग-अलग पदों के अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट की जानकारी दी गई है।
फिजिकल टेस्ट में अभ्यर्थियों की दौड़ और शारीरिक क्षमता से जुड़े मानकों की जांच की जाती है। ऐसे टेस्ट के दौरान मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाती है। वजीराबाद की घटना के बाद अब सौरभ की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से स्पष्ट होगी।
.jpg&w=3840&q=75)

