भोपाल में लेडी इंस्पेक्टर की हत्या के बाद प्रेमी ने किया सुसाइड, शादी का दबाव बना रहा था आरोपी
Bhopal murder case: भोपाल की लेखपाल कॉलोनी में RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई। सिर पर हथौड़े के निशान मिले हैं। आरोपी प्रेमी पवन ने विवाद के बाद वारदात को अंजाम देकर खुद फांसी लगा ली।

Bhopal murder case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। भंवरी जोड़ के पास स्थित लेखपाल कॉलोनी में RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (45) का खून से सना शव उनके घर के अंदर मिला। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और पास ही एक खून से सना हथौड़ा भी बरामद हुआ है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
शादी की जिद बनी खूनी संघर्ष की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मीनाक्षी के साथ रहने वाले उनके प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी (जो मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था) ने इस घटना को अंजाम दिया। पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, लेकिन मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। करीब दो साल पहले मीनाक्षी का उनके पति से तलाक हो चुका था और उनकी तीन साल की बेटी भी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराया और गुस्से में आकर पवन ने कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर मीनाक्षी की जान ले ली।
हत्या के बाद प्रेमी ने भी दी जान
बता दें, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन ने घर से महज 20 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब मीनाक्षी की रूममेट ने कमरे का हाल देखा, तो उनके होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची खजूरी सड़क थाना पुलिस और FSL टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस जांच अभी जारी है।
.jpg&w=3840&q=75)
