भोपाल में चलती बाइक पर सिर में सटाकर गोली मारी, युवती को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने कर दी हत्या
सूचना मिलने पर निशातपुरा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी भेजा। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
MP News: भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक तीन युवक बाइक से मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इस दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके में बाइक के पीछे बैठे आरोपी अलीम ने बीच में बैठे इखलास ताशी के सिर में पिस्टल से सटाकर गोली मोर दी। गोली लगने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर गए। सिर में गोली लगने से ताशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी अलीम उर्फ अल्लू ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ लेकर वहां से निकल गया।
युवती को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक इखलास ताशी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था। कुछ दिन पहले ताशी का एक युवती को लेकर अपने दोस्त अलीम से विवाद हो गया था। दोनों में मारपीट भी हुई थी, इस दौरान ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था और मामले की पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। पुलिस को शक है कि इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी बनी हुई थी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिस्टल दिखाकर युवक को साथ ले गया
हत्या के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी धमकाया। पिस्टल के डर से वह आरोपी के साथ बाइक पर बैठ गया। अलीम उसे सिंधी कॉलोनी तक ले गया और वहां छोड़कर फरार हो गया। आरोपी के वहां से निकलने के बाद युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर निशातपुरा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी भेजा। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
मछली पकड़ने के लिए निकले थे तीनों
पुलिस के अनुसार इखलास ताशी पेंटरी का काम करता था। रविवार सुबह वह अपने दो साथियों के साथ बाइक से मछली पकड़ने के लिए निकला था। बाइक एक युवक चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम पीछे बैठा था।
रास्ते में अलीम ने अचानक पिस्टल निकाली और ताशी के सिर पर सटाकर फायर कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ताशी की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही
फिलहाल पुलिस अलीम उर्फ अल्लू की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास पिस्टल कहां से आई और वारदात से पहले उसने इसकी तैयारी किस तरह की थी।


-1.jpg&w=3840&q=75)