इंदौर में 'झूठ की गूंज' के पोस्टर, राहुल गांधी के दावों को गलत बताया, कांग्रेस बोली- कार्यक्रम को असफल करने की कोशिश
वेबसाइट पर यह भी बताया गया है कि दावों की जांच के लिए 169 अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जुटाई गई। इसमें सरकारी वेबसाइटों, संसद से जुड़ी जानकारी और न्यूज रिपोर्टों का हवाला देने की बात कही गई है।
Jhuth Ki Gunj Poster In Indore: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले शहर में सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है। शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले शहर के कई प्रमुख रास्तों और चौराहों पर ‘झूठ की गूंज’ लिखे पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पर एक QR कोड भी दिया गया है। इसे स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है, जिसमें राहुल गांधी की अलग-अलग रैलियों में दिए गए करीब 40 दावों की पड़ताल किए जाने का दावा किया गया है।
राहुल गांधी की पुरानी रैलियों में किए दावों को बताया गलत
इंदौर में 100 से ज्यादा पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पर राहुल गांधी की तस्वीरों के साथ उनकी कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे की रैलियों का जिक्र किया गया है। QR कोड से खुलने वाली वेबसाइट पर इन भाषणों में किए गए दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वेबसाइट कुछ दावों को गलत और कुछ को भ्रामक बताती है। हालांकि, ये निष्कर्ष उसी वेबसाइट की ओर से किए गए दावों पर आधारित हैं।
वेबसाइट पर यह भी बताया गया है कि दावों की जांच के लिए 169 अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जुटाई गई। इसमें सरकारी वेबसाइटों, संसद से जुड़ी जानकारी और न्यूज रिपोर्टों का हवाला देने की बात कही गई है। पोस्टरों पर ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय’ जैसे संदेश भी लिखे गए हैं।
कांग्रेस बोली- BJP कार्यक्रम को असफल करने की कोशिश कर रही
पोस्टर लगाने वाले संगठन या व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है। कांग्रेस ने इसे लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने या प्रभावित करने के लिए पिछले कई दिनों से कोशिशें की जा रही थीं। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं के कार्यक्रम को लेकर पार्टी की तैयारियां जारी हैं और पोस्टर लगाने से कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
छात्रों के मुद्दों पर कार्यक्रम
राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षा, सरकारी भर्तियों, बेरोजगारी, पेपर लीक और पढ़ाई के बढ़ते खर्च जैसे मुद्दे उठाए जाने हैं। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी इस अभियान के कार्यक्रम हो चुके हैं। इंदौर का कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को होना था, जिसे एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ाया गया।
कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने की जगह को ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया है। पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के लिए आयोजकों को बड़ी संख्या में वालंटियर्स तैनात करने की शर्त भी दी गई है।
13 रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने भी नया प्लान जारी किया है। दोपहर करीब 1 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक कई रास्तों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। राऊ चौराहा, राजेंद्र नगर, गोपुर चौराहा, बिजलपुर, चोइथराम, तीन इमली, आईटी पार्क और देवगुराड़िया से जुड़े 13 रास्तों पर भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले पांच मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
राहुल गांधी के दोपहर करीब 1:30 बजे इंदौर पहुंचने की जानकारी है। इसके बाद वे एयरपोर्ट से होटल जाएंगे और शाम को रीजनल पार्क के सामने होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
-1.jpg&w=3840&q=75)

