ग्वालियर में बेटे से लड़ाई हुई तो पिता की कार फूंक दी! पड़ोसी बाल्टी में पेट्रोल भरकर लाया और गाड़ी में डालकर आग लगा दी
पुलिस के अनुसार आरोपी और कार मालिक के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। जिसके कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
MP News: ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक युवक ने पड़ोसी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोपी बाल्टी में पेट्रोल भरकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को पड़ोस में रहने वाले युवक से पुरानी रंजिश थी। युवक से बदला लेने के लिए आरोपी ने पिता की कारे में आग लगा दी है। वहीं वहीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
बाल्टी में पेट्रोल लेकर आया और फिर माचिस से आग लगा दी
घटना 14 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। महलगांव के सरस्वती नगर में रहने वाले रेलवे कर्मचारी रामकुमार सिंह कुशवाह की ईको स्पोर्ट कार घर के बाहर खड़ी थी। अचानक कार से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। परिवार के लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।
शुरुआत में परिवार को समझ नहीं आया कि खड़ी कार में अचानक आग कैसे लग गई। घटना संदिग्ध लगने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में एक युवक हाथ में बाल्टी लेकर कार की तरफ आता नजर आया। पुलिस के मुताबिक बाल्टी में पेट्रोल था। युवक ने कार पर पेट्रोल डाला और फिर माचिस से आग लगाकर वहां से निकल गया।
पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान डी-17 साइट नंबर-1 निवासी सिद्धांत पुत्र विवेक सिंह घुरैया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी और कार मालिक के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। रामकुमार सिंह के बेटे आर्यवर्द्धन और सिद्धांत के बीच पुरानी रंजिश होने की बात जांच में सामने आई है। इसी विवाद के चलते कार में आग लगाने की आशंका जताई जा रही है।
आग की वजह से कार को काफी नुकसान हुआ है। परिवार ने कार को ठीक कराने के लिए स्थानीय सर्विस सेंटर से संपर्क किया, लेकिन वहां मरम्मत का काम करने से मना कर दिया गया। इसके बाद कार को सुधार के लिए झांसी भेजा गया है।
CCTV फुटेज से खुला राज
मामले में पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज अहम सबूत बनकर सामने आया है। फुटेज सामने आने के बाद विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मामला दर्ज किया। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार के मुताबिक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले आरोपी ने पेट्रोल कहां से लिया और घटना को अंजाम देने के बाद वह किस रास्ते से मौके से निकला।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और पुरानी रंजिश के कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

-1.jpg&w=3840&q=75)
